03 दिसंबर 2024, नई दिल्ली
भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती पर पूरे देश ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। उनकी जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें नमन करते हुए उनकी महान उपलब्धियों और योगदान को याद किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में लिखा,
“देश के प्रथम राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद जी को उनकी जयंती पर आदरपूर्ण श्रद्धांजलि। संविधान सभा के अध्यक्ष के रूप में भारतीय लोकतंत्र की जड़ें गहरी करने में उन्होंने अमूल्य योगदान दिया। आज जब हम देश में संविधान के 75वें वर्ष का उत्सव मना रहे हैं, तब उनका जीवन और आदर्श हमें अधिक प्रेरणादायी हो जाता है।”
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी राष्ट्रपति भवन में डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद का जीवन सादगी, समर्पण और देशभक्ति का उदाहरण है।
ये भी पढ़ें: UPSC के मशहूर शिक्षक अवध ओझा ने राजनीति में कदम रखा, आम आदमी पार्टी जॉइन की
“डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने संविधान निर्माण में अपनी निर्णायक भूमिका निभाई और आजादी के बाद देश को सही दिशा में अग्रसर किया।”
डॉ. राजेंद्र प्रसाद: एक प्रेरणादायक जीवन
डॉ. राजेंद्र प्रसाद का जन्म 3 दिसंबर, 1884 को बिहार के ज़िरादेई गांव में एक साधारण किसान परिवार में हुआ था। उनकी शिक्षा कोलकाता विश्वविद्यालय से हुई, जहां उन्होंने कानून में डिग्री प्राप्त की। वे भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के एक प्रमुख नेता थे और महात्मा गांधी के करीबी सहयोगी रहे।
स्वतंत्रता संग्राम के दौरान उन्होंने चंपारण सत्याग्रह और असहयोग आंदोलन में हिस्सा लिया और कई बार जेल गए। संविधान सभा के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने भारतीय संविधान के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
राष्ट्रपति के रूप में योगदान
1950 में गणतंत्र भारत के पहले राष्ट्रपति बनने के बाद, उन्होंने 12 वर्षों तक इस पद को गरिमा और सादगी से सुशोभित किया। वे भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले राष्ट्रपति रहे और उनकी सादगी एवं निष्ठा आज भी प्रेरणादायक है। 1962 में, राष्ट्रपति पद से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्हें भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान “भारत रत्न” से सम्मानित किया गया। 28 फरवरी, 1963 को उनका निधन हो गया, लेकिन उनका जीवन और योगदान हमेशा भारतीय इतिहास में अमर रहेगा।
ये भी पढ़ें: डॉ. के ए पॉल की राष्ट्रपति ट्रंप से भारत-अमेरिका संबंध मजबूत करने की अपील