अडानी विवाद: कांग्रेस के आरोप, जॉर्ज सोरोस का दखल और बीजेपी का पलटवार

अडानी विवाद: कांग्रेस के आरोप, जॉर्ज सोरोस का दखल और बीजेपी का पलटवार

अडानी विवाद: राहुल गांधी का आरोप, बीजेपी ने बताया विदेशी साजिश का हिस्सा

06 दिसंबर 2024 , नई दिल्ली

भारतीय उद्योगपति और अडानी समूह के मुखिया गौतम अडानी इन दिनों विवादों के केंद्र में हैं। कांग्रेस और इसके प्रमुख नेता राहुल गांधी अडानी समूह पर हमलावर हैं। राहुल गांधी ने हिंडनबर्ग रिपोर्ट और अमेरिका के एक अन्य संगठन ऑर्गनाइज्ड क्राइम एंड करप्शन रिपोर्टिंग प्रोजेक्ट (OCCRP) की रिपोर्ट को आधार बनाकर अडानी पर निशाना साधा है। इसी बीच, इस विवाद में अमेरिकी अरबपति जॉर्ज सोरोस की एंट्री ने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है।

कांग्रेस और राहुल गांधी का रुख


राहुल गांधी ने लगातार गौतम अडानी के खिलाफ आरोप लगाए हैं और इन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जोड़ते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए हैं। राहुल का कहना है कि अडानी समूह को प्रधानमंत्री मोदी का संरक्षण प्राप्त है। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री और उनकी सरकार को घेरने की कोशिश की है।

जॉर्ज सोरोस का दखल और OCCRP का कनेक्शन


जॉर्ज सोरोस के भारत और मोदी सरकार पर लगातार हमले कोई नई बात नहीं हैं। हाल ही में आई OCCRP रिपोर्ट में अडानी समूह पर आर्थिक अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं। OCCRP को कथित रूप से सोरोस की कंपनी से वित्तीय सहायता मिलती है, जिससे इसे “सोरोस समर्थित संगठन” के तौर पर देखा जा रहा है। यह तथ्य बीजेपी के लिए कांग्रेस और सोरोस के बीच संबंध स्थापित करने का आधार बन गया है।

सोरोस और भारत सरकार के बीच तनातनी


जॉर्ज सोरोस ने कई मौकों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी नीतियों की आलोचना की है। उन्होंने कश्मीर से धारा 370 हटाने और हिंडनबर्ग रिपोर्ट के बाद अडानी समूह पर लगे आरोपों को लोकतांत्रिक बदलाव की उम्मीद से जोड़ा था। सोरोस ने यहां तक कहा था कि पीएम मोदी का सत्ता में बने रहना तानाशाही का संकेत है। उनके इन बयानों को बीजेपी भारत के लोकतांत्रिक ढांचे के खिलाफ साजिश करार देती रही है।

यह भी पढ़े: 2024 यूपी पुलिस कांस्टेबल परीक्षा: फिजिकल टेस्ट का ऐलान, जानें कब होगा!

बीजेपी का पलटवार


बीजेपी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि जॉर्ज सोरोस जैसे विदेशी तत्व भारत के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप कर रहे हैं और कांग्रेस इसका सहारा लेकर प्रधानमंत्री मोदी की छवि को खराब करने का प्रयास कर रही है। पार्टी ने OCCRP रिपोर्ट और कांग्रेस के विरोध को “बाहरी ताकतों से प्रेरित” बताया है।

सोरोस का विवादित इतिहास


जॉर्ज सोरोस का इतिहास राजनीतिक हस्तक्षेप से भरा रहा है। हंगरी में जन्मे और अमेरिका में बसे सोरोस ने अपने बयानों और फंडिंग के जरिए कई देशों के राजनीतिक माहौल को प्रभावित करने की कोशिश की है। उन्होंने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश के खिलाफ खुलकर बयान दिए और उन्हें सत्ता से हटाने को अपना मिशन बताया।

राजनीतिक जंग जारी


अडानी विवाद, कांग्रेस का आरोप, सोरोस का दखल और बीजेपी का पलटवार, यह पूरा मामला भारत की राजनीति में गहराते वैचारिक संघर्ष का प्रतीक बन गया है। जहां एक ओर कांग्रेस इसे “घोटालों का पर्दाफाश” कह रही है, वहीं बीजेपी इसे “विदेशी साजिश” करार दे रही है। यह देखना दिलचस्प होगा कि इस राजनीतिक खींचतान का अडानी विवाद और आगामी चुनावों पर क्या असर पड़ता है।

यह भी पढ़े: Mamta Kulkarni ने 25 साल बाद भारत लौटकर किया बड़ा खुलासा, फिल्म इंडस्ट्री में वापसी नहीं करने का किया ऐलान

पॉलिटिक्स