12 दिसंबर 2024 , नई दिल्ली
दिल्ली में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले, आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ‘महिला सम्मान योजना’ का ऐलान किया है। गुरुवार, 12 दिसंबर को इस योजना को दिल्ली कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद केजरीवाल ने इसकी जानकारी साझा की।
योजना के तहत, दिल्ली की महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने 1,000 रुपये की राशि जमा की जाएगी। इसके अलावा, केजरीवाल ने वादा किया है कि चुनाव के बाद यह राशि बढ़ाकर 2,100 रुपये कर दी जाएगी। इस योजना के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 13 दिसंबर से शुरू होगी।
कौन हैं योजना के लाभार्थी?
दिल्ली में लगभग 67 लाख महिलाओं में से करीब 38 लाख महिलाएं इस योजना के लिए पात्र मानी जा रही हैं। इस योजना का लाभ उन महिलाओं को मिलेगा जो दिल्ली की पंजीकृत मतदाता हैं, जिनकी आय 2.50 लाख रुपये सालाना तक सीमित है, उम्र 18 से 60 साल के बीच है, और जिनके नाम पर चार पहिया वाहन नहीं है।
अरविंद केजरीवाल ने इस घोषणा के दौरान कहा कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई है। योजना का जिक्र पहली बार इस साल दिल्ली के बजट में किया गया था, जिसे तत्कालीन वित्त मंत्री आतिशी ने प्रस्तुत किया था।
पहले भी महिलाओं के लिए ऐसी योजनाएं अन्य राज्यों में भी लागू की जा चुकी हैं जिनका सीधा असर चुनावों में सत्तारूढ़ दलों के पक्ष में देखा गया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इसका दिल्ली विधानसभा चुनाव पर क्या असर पड़ता है।