अभी यह शुरूआत, आने वाले दिनों में बढ़ेगी ठंड, गुरुवार को रहा सबसे ठंडा दिन
13 दिसंबर 2024 , नई दिल्ली
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मौसम तेजी से ठंडा होता जा रहा है। भीषण ठंड के कारण लोग ठिठुरने पर मजबूर हैं। नई दिल्ली स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, गुरुवार, 12 दिसंबर को दिल्ली के पूसा क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस और अयंगर क्षेत्र में 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी के कई इलाकों में शीत लहर की स्थिति भी देखी गई।
12 दिसंबर को दिल्ली का औसत न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, जम्मू में इसी दिन न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस तुलना से साफ है कि दिल्ली में जम्मू से अधिक ठंड पड़ रही है।
आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने की संभावना
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, आने वाले हफ्तों में उत्तर भारत के कई हिस्सों में शीतलहर का असर बना रहेगा। विभाग ने दिल्ली और आसपास के इलाकों में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने बताया कि शुक्रवार, 13 दिसंबर को भी शीतलहर का असर जारी रहेगा, जिससे तापमान में और गिरावट आएगी। विभाग ने लोगों को ठंड के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
आज का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार, 13 दिसंबर को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। अलग-अलग स्थानों पर शीत लहर का असर बना रहेगा। सुबह और शाम के समय धुंध छा सकती है, हालांकि दिन के समय आसमान साफ रहेगा।
यह भी पढ़े: संसद हमले की 23वीं बरसी: प्रधानमंत्री ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि
— RWFC New Delhi (@RWFC_ND) December 12, 2024
इसके अलावा, 14 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 15 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं।
पिछले तीन सालों में सबसे ठंडा दिन रहा गुरुवार
दिल्ली में गुरुवार, 12 दिसंबर को पिछले तीन वर्षों का सबसे ठंडा दिसंबर का दिन दर्ज किया गया। इस दिन राजधानी का न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा। आईएमडी के अनुसार, यह तापमान बुधवार को दर्ज किए गए 4.9 डिग्री सेल्सियस से 0.4 डिग्री सेल्सियस कम था।
स्काईमेट के अनुसार, दिल्ली का सबसे कम तापमान 30 दिसंबर 2013 और 28 दिसंबर 2019 को 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। पिछले वर्ष 15 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस था।
आईएमडी के मुताबिक, शीत लहर की स्थिति तब उत्पन्न होती है जब तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला जाए या सामान्य तापमान औसत से 4.4 डिग्री सेल्सियस कम हो।
दिल्लीवासियों के लिए यह सर्दी चुनौतीपूर्ण साबित हो रही है, और आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है। विभाग की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए लोग गर्म कपड़ों और अन्य उपायों का सहारा लें।
यह भी पढ़े: Pushpa 2 Arrest ” के प्रीमियर के दौरान सैंड्या थिएटर में मची भगदड़ में महिला की मौत का मामला