पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का 92 वर्ष की आयु में निधन, देशभर में शोक

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का 92 वर्ष की आयु में निधन, देशभर में शोक

1991 के आर्थिक उदारीकरण के निर्माता, डॉ. मनमोहन सिंह ने कहा दुनिया को अलविदा

27 दिसंबर 2024 , नई दिल्ली

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और प्रखर अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह का आज दिल्ली के एम्स अस्पताल में 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उम्र संबंधी दिक्कतों के चलते उन्हें गुरुवार रात 8:06 बजे एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां रात 9:51 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन से देशभर में शोक की लहर फैल गई है।

डॉ. मनमोहन सिंह: देश के आर्थिक उदारीकरण के शिल्पकार

डॉ. मनमोहन सिंह को भारत में आर्थिक सुधारों का शिल्पकार माना जाता है। 1991 में पी.वी. नरसिम्हा राव सरकार में वित्त मंत्री रहते हुए उन्होंने आर्थिक उदारीकरण की आधारशिला रखी, जिसने भारत की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी। 2004 से 2014 तक वे देश के प्रधानमंत्री रहे और अपने सादगीपूर्ण व्यक्तित्व व सुशासन के लिए प्रसिद्ध रहे।

यह भी पढ़े: डॉ. के.ए. पॉल ने सोनिया गांधी से की राजनीति छोड़ने की मांग, ममता बनर्जी को I.N.D.I.A. गठबंधन का नेता बनाने का किया समर्थन

प्रधानमंत्री मोदी ने दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, “डॉ. मनमोहन सिंह का जीवन देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत था। उन्होंने एक प्रखर अर्थशास्त्री के रूप में रिजर्व बैंक के गवर्नर और वित्त मंत्री के रूप में देश की सेवा की। उनकी सादगी, ईमानदारी और बौद्धिकता उनकी पहचान रही। उच्च पदों पर रहने के बावजूद वे अपनी जड़ों से जुड़े रहे। उनके साथ हुई चर्चाएं और मुलाकातें मुझे हमेशा याद रहेंगी। इस कठिन घड़ी में मैं उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं अर्पित करता हूं।”

देशभर में शोक की लहर

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “यह दिन देश और कांग्रेस दोनों के लिए बेहद दुखद है। डॉ. सिंह ने प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री के रूप में सुशासन का प्रदर्शन किया। हमने अपने महान नेताओं में से एक को खो दिया है। यह देश के लिए अपूरणीय क्षति है।”

कर्नाटक विधानसभा में झंडा आधा झुका दिया गया है, जबकि केंद्र सरकार ने 26 दिसंबर से 1 जनवरी 2025 तक सात दिवसीय राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और सभी आधिकारिक कार्यक्रम स्थगित रहेंगे।

अंतिम संस्कार राजघाट के पास

डॉ. मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर 28 दिसंबर को कांग्रेस मुख्यालय लाया जाएगा, जहां सुबह 8 बजे से 10 बजे तक आम लोग उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए राजघाट के पास ले जाया जाएगा।

डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से भारत ने न केवल एक महान नेता और अर्थशास्त्री को खोया है, बल्कि एक ऐसा व्यक्तित्व भी खो दिया है, जिसने अपनी सादगी और समर्पण से करोड़ों लोगों के दिलों में जगह बनाई। उनका योगदान भारतीय राजनीति और अर्थव्यवस्था में हमेशा अमिट रहेगा।

यह भी पढ़े: डिज़्नी की नई फिल्म ‘Mufasa: The Lion King’ में SRK की वापसी

देश