नमो भारत ट्रेन: 42 किमी के रूट पर नौ स्टेशन फिलहाल नमो भारत आरआरटीएस ट्रेन साहिबाबाद, गाजियाबाद, गुलधर, दुहाई, दुहाई डिपो, मुरादनगर, मोदी नगर साउथ, मोदी नगर नॉर्थ और मेरठ साउथ जैसे नौ स्टेशनों तक चल रही है। यह ट्रेन 42 किमी लंबे कॉरिडोर पर फर्राटा भरती है।
नई दिल्ली: नमो भारत आरआरटीएस (RRTS) ट्रेन जल्द ही आनंद विहार और न्यू अशोक नगर से मेरठ तक सेवा शुरू करेगी। इससे दिल्ली और नोएडा के ऑफिस जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब तक ये लोग लंबे ट्रैफिक जाम में फंसकर समय बर्बाद करते थे। इस ट्रेन के चलते अब कम समय में यात्रा संभव हो पाएगी।
आनंद विहार से मेरठ तक बस जितने किराए में सफर
यात्री अब बस के किराए के बराबर ही कीमत में तेज और आरामदायक यात्रा कर सकते हैं।
- स्टैंडर्ड क्लास: आनंद विहार से मेरठ साउथ तक ₹130 किराया।
- प्रीमियम क्लास: इसी रूट पर ₹195 किराया।
बस से मेरठ जाने में जहां एक घंटे से अधिक समय और ₹120 का खर्च होता है, वहीं नमो भारत ट्रेन सिर्फ 35 मिनट में यह सफर पूरा करेगी।
50 लाख यात्रियों ने किया सफर
अब तक नमो भारत ट्रेनों में यात्रा करने वालों की संख्या 50 लाख के पार पहुंच चुकी है। गाजियाबाद और मेरठ साउथ स्टेशन सबसे ज्यादा यात्रियों की पसंद रहे हैं। साहिबाबाद से मेरठ साउथ तक 42 किमी के रूट पर लोग मात्र 30 मिनट में सफर कर रहे हैं।
दिल्ली से मेरठ के बीच सफर होगा और आसान
साहिबाबाद से आनंद विहार और न्यू अशोक नगर तक ट्रेन का ट्रायल रन आखिरी चरण में है। आनंद विहार आरआरटीएस कॉरिडोर का पहला अंडरग्राउंड स्टेशन है। इसके शुरू होने के बाद ट्रेन का परिचालन 55 किमी तक बढ़ जाएगा, जिससे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ के बीच आवाजाही और सुगम हो जाएगी।
अब तक तीन चरणों में हुआ विस्तार
- साहिबाबाद से दुहाई डिपो (17 किमी): उद्घाटन 23 अक्टूबर 2023 को पीएम मोदी ने किया।
- दुहाई से मोदी नगर नॉर्थ (17 किमी): सेवा शुरू 6 मार्च 2024।
- मोदी नगर नॉर्थ से मेरठ साउथ (8 किमी): जुड़ाव 18 अगस्त 2024।
जल्द ही साहिबाबाद से न्यू अशोक नगर तक के सेक्शन के शुरू होने के बाद यह ट्रेन पूरे 55 किमी लंबे कॉरिडोर पर दौड़ेगी।
ये भी पढ़ें :- डॉ. मनमोहन सिंह के स्मारक पर सियासत: कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने, भाजपा ने विपक्ष पर राजनीति करने का लगाया आरोप