जमे हुए झरने के नीचे मस्ती करना पड़ा भारी, अचानक गिरी बर्फ ने मचाई चीख-पुकार

जमे हुए झरने के नीचे मस्ती करना पड़ा भारी, अचानक गिरी बर्फ ने मचाई चीख-पुकार

बर्फीले झरने के नीचे खड़े पर्यटकों पर टूटा कुदरत का कहर

07 जनवरी 2025, नई दिल्ली

चीन में हाल ही में हुई एक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर किसी के रोंगटे खड़े हो गए हैं। यह वीडियो 5 जनवरी का है, जब शान्शी प्रांत के शीआन में हेइशांचा झरने के पास पर्यटकों का मस्तीभरा पल अचानक भयावह हादसे में बदल गया।

वीडियो में दिखाया गया है कि कई पर्यटक जमे हुए झरने के नीचे बर्फ के पास खड़े होकर मस्ती कर रहे थे। तभी अचानक झरने की चोटी से भारी बर्फ का टुकड़ा गिरा, जिससे वहां भगदड़ मच गई। चीख-पुकार के बीच लोग अपनी जान बचाने के लिए दौड़ने लगे। हालांकि, इस हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया, जो बर्फ के नीचे फंस गया था।

प्रशासन ने उठाए एहतियाती कदम


इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से झरने के पास पर्यटकों के जाने पर पाबंदी लगा दी है। बताया जा रहा है कि इस इलाके में तापमान में गिरावट के कारण बर्फ और अधिक भारी हो जाती है, जिससे ऐसे हादसे होने का खतरा बना रहता है।

ये भी पढ़ें: “संत चावरा कुरियाकोस एलियास भारत में सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनसेवकों के लिए एक आदर्श हैं: डॉ. शशि थरूर”

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस


यह वीडियो @livingchina नामक इंस्टाग्राम पेज पर शेयर किया गया, जहां लोगों ने इसे देखकर चिंता जताई। एक यूजर ने लिखा, “ऐसी जगहों पर सावधानी बरतनी चाहिए। प्रशासन की इसमें गलती नहीं है।” वहीं, एक अन्य यूजर का कहना था, “ऐसा लगता है कि बर्फ के नीचे और भी लोग फंसे हो सकते हैं।”

2019 में भी हुआ था ऐसा हादसा


गौरतलब है कि इसी स्थान पर 6 साल पहले, 2019 में भी एक ऐसा ही हादसा हुआ था। उस समय बर्फ के झरने के नीचे गिरने से 9 लोग घायल हुए थे, जिनमें से एक को गंभीर चोटें आई थीं।

झरने के पास मस्ती करना लोगों को भले ही रोमांचक लगता हो, लेकिन यह खतरनाक साबित हो सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसी जगहों पर हमेशा सुरक्षित दूरी बनाए रखना जरूरी है।

यह भी पढ़े:  राजस्थानी कला और शिल्प के रंग: तीज उत्सव 2024 में रूडा क्रॉफ्ट मेले का उद्घाटन

विदेश