दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: मतदान 5 फरवरी को, तारीखों का ऐलान

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: मतदान 5 फरवरी को, तारीखों का ऐलान

इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया (ECI) ने आज दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही दिल्ली में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी 2025 को समाप्त हो रहा है। चुनाव आयोग ने मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार की रिटायरमेंट से पहले चुनाव कराने की योजना बनाई है, क्योंकि राजीव कुमार 18 फरवरी 2025 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

ये भी पढ़ें: नीतीश कुमार की नाराजगी: सियासी अफवाह या गठबंधन की असलियत?

मुख्य चुनाव आयुक्त ने यह जानकारी दी कि दिल्ली में 1.55 करोड़ से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं। उन्होंने बताया कि कोई भी पात्र नागरिक जो अभी तक पंजीकृत नहीं है, वह नामांकन की अंतिम तिथि से 10 दिन पहले तक अपना पंजीकरण करा सकता है। इसके अलावा, उन्होंने बताया कि दिल्ली में 13,000 से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 100% वेबकास्टिंग की जाएगी। उन्होंने शहरी मतदाताओं से विशेष रूप से अपील की है कि वे बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लें। साथ ही, 85+ वर्ष और दिव्यांग मतदाताओं के लिए होम वोटिंग की सुविधा दी जाएगी। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए स्वयंसेवक, व्हीलचेयर और रैंप जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

इस बार 70 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान होगा। साथ ही उत्तर प्रदेश की मिल्कीपुर (273) और तमिलनाडु की इरोड ईस्ट (98) सीट पर उपचुनाव भी इसी कार्यक्रम के तहत होंगे। चुनावी प्रक्रिया की शुरुआत 10 जनवरी 2025 को गजट नोटिफिकेशन जारी होने के साथ होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 17 जनवरी है, जबकि 18 जनवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी। नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 20 जनवरी निर्धारित की गई है। दिल्ली में मतदान 5 फरवरी 2025, बुधवार को होगा, और मतगणना 8 फरवरी को होगी। चुनाव की पूरी प्रक्रिया 10 फरवरी 2025 तक समाप्त हो जाएगी।

ये भी पढ़ें: दिल्ली चुनाव: अरविंद केजरीवाल आज करेंगे एक और बड़ी घोषणा, बोले- दिल्ली के लोग होंगे बेहद खुश

चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही दिल्ली में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सभी प्रमुख पार्टियां चुनाव प्रचार में जुट गई हैं और जनता का समर्थन हासिल करने की कोशिश कर रही हैं। वहीं, उपचुनाव के जरिए उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु में भी राजनीतिक समीकरण बदलने की संभावना है। अब सबकी नजरें 5 फरवरी पर टिकी हैं, जब दिल्ली की जनता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेगी और नई सरकार चुनने की प्रक्रिया शुरू होगी।

देश पॉलिटिक्स