एनसीपी (शरद पवार) ने गणतंत्र दिवस पर किया तिरंगा फहराने का आयोजन

एनसीपी (शरद पवार) ने गणतंत्र दिवस पर किया तिरंगा फहराने का आयोजन

राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का आह्वान

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) (शरद पवार) ने 75वें गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में नई दिल्ली के पार्टी मुख्यालय, 81 लोदी रोड पर भव्य ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया। सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता आनंद जोधाले के नेतृत्व में तिरंगा फहराया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आनंद जोधाले ने कहा, “गणतंत्र दिवस हमें हमारे संविधान और उसकी मूल भावनाओं की याद दिलाता है। यह दिन गर्व के साथ-साथ आत्मचिंतन का भी है कि हम एक समावेशी और प्रगतिशील भारत के निर्माण में किस तरह योगदान कर सकते हैं।”

लोकतंत्र में जनता की सक्रिय भागीदारी आवश्यक
पार्टी के उपभोक्ता प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष तौसीफ रज़ा ने नागरिकों की भागीदारी पर जोर देते हुए कहा, “लोकतंत्र की असली शक्ति जनता की भागीदारी में छिपी है। जब हर नागरिक राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाता है, तभी एक सशक्त और न्यायपूर्ण समाज का निर्माण संभव हो पाता है।”

महिलाओं की भूमिका पर विशेष जोर
दिल्ली राज्य महिला अध्यक्ष सुषमा कश्यप ने महिलाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा, “महिलाओं का सशक्तिकरण केवल नीतियों तक सीमित नहीं होना चाहिए। यह राष्ट्र की प्रगति का आधार है। जब महिलाओं को समान अवसर मिलते हैं, तो पूरा समाज प्रगति करता है।”

कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। समारोह का समापन राष्ट्रगान और संविधान की मूल भावना को बनाए रखने की शपथ के साथ किया गया।

ये भी पढ़ें :- दलितों का न्यायपालिका में प्रतिनिधित्व क्यों कम है और सुप्रीम कोर्ट में उनकी आवाज़ क्यों नदारद है?

देश पॉलिटिक्स