भारत-पाक सीमा पर बसा अनोखा गांव: प्राकृतिक खूबसूरती से भरपूर है केरन घाटी

भारत-पाक सीमा पर बसा अनोखा गांव: प्राकृतिक खूबसूरती से भरपूर है केरन घाटी

धरती का स्वर्ग कश्मीर और उसमें छुपा एक अनमोल रत्न – केरन घाटी

10 फरवरी 2025 , नई दिल्ली

भारत की प्राकृतिक सुंदरता दुनियाभर में मशहूर है, और कश्मीर की तो बात ही अलग है। हर मौसम में यह धरती का स्वर्ग और भी मनमोहक लगती है। कश्मीर में कई लोकप्रिय पर्यटन स्थल हैं, लेकिन आज हम आपको एक ऐसे गांव के बारे में बता रहे हैं, जो भारत और पाकिस्तान के बीच बंटा हुआ है। यह है केरन घाटी, जहां की प्राकृतिक छटा देखने लायक है। हरे-भरे पहाड़, घास के खूबसूरत मैदान और बीच से बहती नदी इस घाटी की सुंदरता को चार चांद लगा देती है। अगर आप कश्मीर घूमने जा रहे हैं, तो इस छुपे हुए खजाने को देखना न भूलें।

सीमा पर बसा है यह अनोखा गांव


केरन घाटी जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में स्थित है और नियंत्रण रेखा (LoC) के बेहद करीब है। भारत-पाक विभाजन के बाद यह गांव दो हिस्सों में बंट गया—एक भाग भारत में रह गया और दूसरा पाकिस्तान में चला गया। दोनों ओर बसे गांवों में अब पर्यटन बढ़ने लगा है, जहां लोग प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ नियंत्रण रेखा को करीब से देखने भी आते हैं।

किशनगंगा और नीलम नदी का संगम


केरन घाटी के बीचों-बीच एक खूबसूरत नदी बहती है, जिसे भारत में किशनगंगा नदी और पाकिस्तान में नीलम नदी कहा जाता है। इस नदी के दोनों ओर बसे लोग एक-दूसरे को देखकर हाथ हिलाकर अभिवादन करते हैं, जो एक अनोखा दृश्य पेश करता है। केरन की शांति, हरियाली, पहाड़ और संस्कृति का अनूठा संगम इसे कश्मीर का छुपा हुआ रत्न बनाता है।

कैसे करें केरन घाटी की यात्रा?


केरन घाटी पहुंचने के लिए सबसे पहले आपको श्रीनगर आना होगा, जो कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी है। यहां से केरन घाटी की दूरी लगभग 120 किलोमीटर है, जिसे तय करने में 4-5 घंटे का समय लगता है। अगर आप कुपवाड़ा पहुंचते हैं, तो वहां से केरन घाटी महज 50 किलोमीटर दूर है। यहां तक पहुंचने के लिए आप टैक्सी, निजी वाहन या पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें :- राजस्थान के करौली में दूल्हे ने दुल्हन को देखकर शादी से किया इनकार, हुआ हंगामा

  • रेल मार्ग: निकटतम रेलवे स्टेशन सोपोर है, जहां से केरन घाटी की दूरी लगभग 80 किलोमीटर है।
  • हवाई मार्ग: सबसे नजदीकी हवाई अड्डा श्रीनगर एयरपोर्ट है, जहां से टैक्सी लेकर आप केरन घाटी तक पहुंच सकते हैं।
  • सड़क मार्ग: अगर आप खुद ड्राइव करके जाना चाहते हैं, तो आपको पहाड़ी रास्तों पर गाड़ी चलाने का अच्छा अनुभव होना चाहिए।

केरन में ठहरने की व्यवस्था


केरन घाटी में होटल की सुविधा नहीं है, लेकिन होमस्टे और कैंपिंग का विकल्प मौजूद है। स्थानीय लोग अपने घरों में पर्यटकों को ठहरने की सुविधा देते हैं, जिससे न केवल कम बजट में ठहरने का विकल्प मिलता है, बल्कि आप यहां की संस्कृति और जीवनशैली को भी करीब से समझ सकते हैं।

घूमने के लिए जरूरी परमिशन


केरन घाटी जाने के लिए प्रशासन से अनुमति लेना जरूरी होता है। हालांकि, अब परमिशन प्राप्त करना पहले से आसान हो गया है।

  • आप ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं।
  • इसके लिए आधार कार्ड की मूल और फोटो कॉपी आवश्यक होती है।
  • अनुमति लेने के लिए आप कुपवाड़ा उपायुक्त कार्यालय या क्रालपोरा पुलिस स्टेशन में औपचारिकताएं पूरी कर सकते हैं।

क्यों जाएं केरन घाटी?


अगर आप कश्मीर की असली प्राकृतिक खूबसूरती को देखना चाहते हैं, भीड़-भाड़ से दूर शांति का अनुभव करना चाहते हैं और रोमांचक यात्रा का आनंद लेना चाहते हैं, तो केरन घाटी आपके लिए एक परफेक्ट डेस्टिनेशन है। तो जब भी कश्मीर जाएं, इस अनोखे गांव को अपनी ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल करें!

ये भी पढ़ें :- इन्दिरा आईवीएफ ने लखनऊ के जानकीपुरम में नया अस्पताल खोला, निःसंतानता उपचार को मिलेगा बढ़ावा

देश