ग्लेशियर फटने और बादल फटने के बाद हिमाचल में फिर मौसम का कहर
03 मार्च 2025 , नई दिल्ली
मार्च की शुरुआत के साथ ही प्रकृति ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। हाल ही में उत्तराखंड के चमोली जिले के माणा में ग्लेशियर फटने और हिमाचल प्रदेश में बादल फटने से आई तबाही का दर्द अभी लोग भूल भी नहीं पाए थे कि मौसम विभाग ने एक और चेतावनी जारी कर दी है।
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी
स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में 3 मार्च को भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है, जिसके चलते ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बताया कि बीते 26, 27 और 28 फरवरी को हुई भारी बर्फबारी और बारिश के प्रभाव के कारण चंबा, कांगड़ा और लाहौल एवं स्पीति जिलों में यह अलर्ट जारी किया गया है।
राज्य में अब भी 365 सड़कें और तीन राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हैं, जबकि 1,377 बिजली ट्रांसफार्मर और 269 जलापूर्ति व्यवस्थाएं प्रभावित हुई हैं। राज्य के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने बताया कि सड़कों और अन्य क्षतिग्रस्त सुविधाओं को बहाल करने के लिए कार्य जारी है।
हिमस्खलन और राहत कार्य
कुछ स्थानों पर हिमस्खलन की घटनाएं भी दर्ज की गईं, हालांकि, इनमें किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पांगी घाटी के साच के पास जोध नाले में संत राम नामक व्यक्ति गिर गया, जिसे स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बचा लिया। इसके बाद सरकारी हेलीकॉप्टर से उसे कुल्लू पहुंचाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ये भी पढ़ें :- MP Investor Summit में खाने की प्लेटों के लिए मचा हंगामा, वीडियो वायरल
मौसम रिपोर्ट और तापमान
अघार, पच्छाद, जटन बैराज, कुफरी और चंबा में क्रमशः 17 मिमी, 15 मिमी, 3.4 मिमी, 3.2 मिमी और 2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। ऊना राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार:
- 3 मार्च को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
- 4 मार्च को कई स्थानों पर मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
- 5 से 8 मार्च तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
उत्तराखंड में भी बिगड़ा मौसम
उत्तराखंड में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है और ग्लेशियर फटने का खतरा बना हुआ है। चारों धाम – केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में भारी बर्फबारी दर्ज की गई है। चमोली जिले के माणा में ग्लेशियर फटने की घटना में 8 मजदूरों की जान चली गई है।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है और राहत कार्य जारी हैं।
यह भी पढ़े: Prajakta Koli और Vrishank Khanal की शादी: सपनों जैसा भव्य आयोजन