उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर, कई राज्यों में लू का अलर्ट, दक्षिण भारत में बारिश की संभावना

उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर, कई राज्यों में लू का अलर्ट, दक्षिण भारत में बारिश की संभावना

दिल्ली-NCR में अगले छह दिन तक लू का प्रकोप, तापमान छू सकता है 42 डिग्री

05 अप्रैल 2025 , नई दिल्ली

उत्तर भारत के कई राज्यों में गर्मी ने विकराल रूप धारण कर लिया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा समेत तमाम इलाकों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। दिन में तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। वहीं, दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-एनसीआर: पारा 42 डिग्री के पार, अगले छह दिन चलेगी लू


मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में अगले छह दिनों तक लू चलने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 39 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मौसम शुष्क रहेगा और गर्म हवाएं चलेंगी।
शनिवार का मौसम: अधिकतम तापमान 38-39 डिग्री, न्यूनतम 20-22 डिग्री सेल्सियस। हवा की गति 10-15 किमी प्रति घंटा रह सकती है।
रविवार का पूर्वानुमान: तापमान में और बढ़ोतरी होगी। अधिकतम तापमान 39-40 डिग्री, न्यूनतम 21-23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश: बढ़ती गर्मी से लोग परेशान, पारा 40 डिग्री के करीब

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का असर दिखाई दे रहा है।


पश्चिमी यूपी (मेरठ, बागपत, संभल, मुजफ्फरनगर): अधिकतम तापमान 38-40 डिग्री, न्यूनतम 20-22 डिग्री सेल्सियस।
पूर्वी यूपी (वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, आजमगढ़, जौनपुर): तापमान 37-39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
रविवार को गर्मी और तेज होगी, खासकर पश्चिमी इलाकों में जहां पारा 40 डिग्री को पार कर सकता है। पूर्वी हिस्सों में भी तापमान 39-40 डिग्री तक पहुंच सकता है। बारिश की कोई संभावना नहीं है।

हरियाणा: गर्म हवाओं का प्रभाव, बढ़ेगी तपिश

यह भी पढ़े: विकास की आड़ में विनाश? सुप्रीम कोर्ट ने जंगल कटाई पर लगाई रोक!


हरियाणा में शनिवार को मौसम साफ और गर्म रहेगा।


शनिवार: अधिकतम तापमान 37-39 डिग्री, न्यूनतम 19-21 डिग्री सेल्सियस। हल्की गर्म हवाएं चलेंगी जिनकी रफ्तार 10-20 किमी प्रति घंटे हो सकती है।
रविवार: तापमान में और बढ़ोतरी होगी। अधिकतम तापमान 39-40 डिग्री तक पहुंच सकता है। मौसम शुष्क रहेगा और गर्मी का असर तेज रहेगा।

देश के अन्य हिस्सों में बारिश और लू का अलर्ट


मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़, कर्नाटक और तेलंगाना के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों के कुछ इलाकों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

वहीं, गुजरात में लू को लेकर चेतावनी दी गई है।


बारिश की संभावना वाले राज्य: छत्तीसगढ़, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक और केरल में शनिवार और रविवार को अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं के कारण अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

सावधानी बरतें, गर्मी से बचें


मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि तेज धूप और लू से बचने के लिए आवश्यक सावधानी बरतें। धूप में निकलते समय छाता, टोपी और पानी की बोतल साथ रखें, और बाहर के कामों को सुबह या शाम के समय ही निपटाएं।

यह भी पढ़े: Test Movie Review: जब क्रिकेट के मैदान में भिड़ते हैं जुनून, ईमानदारी और जिंदगी के असली इम्तिहान

देश