Children’s Day 2025 पर बच्चों के साथ मनाएं यादगार पल। जानिए दिल्ली की वे खास जगहें जहां बच्चे करेंगे मस्ती भी और सीखेंगे नई बातें भी।
13 नवंबर 2025, नई दिल्ली
हर साल 14 नवंबर को पूरे देश में Children’s Day बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। यह दिन बच्चों की मासूमियत, खुशियों और उनके उज्ज्वल भविष्य को समर्पित होता है। स्कूलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, वहीं माता-पिता भी इस दिन को अपने बच्चों के साथ खास बनाने की कोशिश करते हैं। अगर आप दिल्ली में रहते हैं या बाल दिवस पर बच्चों को कहीं घूमाने का प्लान बना रहे हैं, तो यहां हैं कुछ ऐसी शानदार जगहें जहां आप बच्चों के साथ न केवल मस्ती कर सकते हैं, बल्कि उन्हें कुछ नया सिखाने का मौका भी मिलेगा।
नेशनल जूलॉजिकल पार्क (दिल्ली चिड़ियाघर)
अगर आपके बच्चे को जानवरों से लगाव है तो दिल्ली का चिड़ियाघर सबसे बेहतरीन विकल्प है। यहां एशियाई शेर, सफेद बाघ, जिराफ, हाथी और कई दुर्लभ पक्षियों की प्रजातियां देखने को मिलती हैं। यह सुंदर नगर के पास पुराने किले के बगल में स्थित है।
यहां सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक घूमने की अनुमति है। बच्चों के लिए टिकट ₹20 और बड़ों के लिए ₹50 है। टिकट काउंटर से या ऑनलाइन आसानी से बुक किया जा सकता है।
नेहरू प्लैनेटोरियम (Nehru Planetarium)
चाचा नेहरू के नाम पर बना यह तारामंडल बच्चों के लिए सबसे ज्ञानवर्धक जगहों में से एक है। यहां बच्चे ग्रहों, तारों और अंतरिक्ष की रहस्यमयी दुनिया को इंटरएक्टिव शो के माध्यम से जान सकते हैं। यह स्थान दिल्ली के टीने मूर्ति मार्ग पर स्थित है।
प्रवेश शुल्क बड़ों के लिए ₹100 और बच्चों के लिए ₹50 है। यहां के रोचक शो न केवल मनोरंजन करते हैं बल्कि बच्चों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा भी बढ़ाते हैं।
वेस्ट टू वंडर पार्क (Waste to Wonder Park)
यह पार्क बच्चों को सीख और रचनात्मकता दोनों सिखाता है। यहां दुनिया के सात अजूबों की प्रतिकृतियां पूरी तरह से कचरे और रीसाइकल की गई वस्तुओं से बनाई गई हैं। इससे बच्चों को पर्यावरण संरक्षण और पुनर्चक्रण का संदेश मिलता है।
निजामुद्दीन के पास सराय काले खां में स्थित इस पार्क का टिकट वयस्कों के लिए ₹50 और बच्चों के लिए ₹25 है।
किंगडम ऑफ ड्रीम्स (Kingdom of Dreams)
अगर आपके बच्चे को रंग-बिरंगी दुनिया, म्यूज़िक और डांस पसंद है, तो यह जगह एकदम परफेक्ट है। यहां शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम, लाइव म्यूज़िकल शो और विभिन्न कलाओं की झलक देखने को मिलती है।
दिल्ली-एनसीआर के गुरुग्राम सेक्टर 29 में स्थित किंगडम ऑफ ड्रीम्स का टिकट ₹600 से शुरू होता है। यह जगह बच्चों के लिए मनोरंजन के साथ भारतीय संस्कृति को समझने का बेहतरीन माध्यम है।
Children’s Day सिर्फ केक काटने या गिफ्ट देने का दिन नहीं है, बल्कि बच्चों के साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिताने और उन्हें दुनिया के बारे में नई चीज़ें सिखाने का मौका है। इस बाल दिवस, दिल्ली की इन शानदार जगहों में से किसी एक को चुनें और अपने बच्चों के साथ बनाएं कुछ यादगार पल।
यह भी पढ़े: Box Office Collection: ‘हक’ ने दिखाया दम, ‘जटाधरा’ रही पीछे; जानें बाकी फिल्मों का बॉक्स ऑफिस हाल
Suditi Raje has a background in investigative journalism, with a career spanning over 6 years. As part of the Jankiawaz team, she are committed to exposing the truth and bringing to light the stories that matter most.
