अमेरिकी शांति पहल और संभावित युद्धविराम पर चर्चा से ठीक पहले रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर भीषण हमला कर दबाव बढ़ाने की कोशिश की।
27 दिसंबर 2025, नई दिल्ली
रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर चल रही कूटनीतिक कोशिशों के बीच रूस ने एक बार फिर सैन्य ताकत का प्रदर्शन किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump और यूक्रेनी राष्ट्रपति व्लादिमिर जेलेंस्की की रविवार को प्रस्तावित मुलाकात से ठीक पहले रूस ने कीव पर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए, जिससे राजधानी में हड़कंप मच गया।
शनिवार तड़के शुरू हुए इन हमलों से कीव के कई इलाकों में जोरदार धमाकों की आवाजें गूंजती रहीं। हमले के बाद शहर के बड़े हिस्सों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और कई इलाके अंधेरे में डूब गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस हमले में कम से कम आठ लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक 16 वर्षीय किशोर भी शामिल है।
यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, रूस ने बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन के जरिए राजधानी के अलग-अलग हिस्सों को निशाना बनाया। ड्निप्रो जिले में एक 18 मंजिला रिहायशी इमारत में आग लग गई, जबकि दार्नित्सिया जिले में 24 मंजिला इमारत को नुकसान पहुंचा। इसके अलावा ओबोलोंस्की और होलोसिवस्की इलाकों में भी आगजनी की घटनाएं सामने आईं। राहत और बचाव दल लगातार हालात पर काबू पाने में जुटे रहे।
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब जेलेंस्की ने संकेत दिए थे कि अगर रूस 60 दिनों के युद्धविराम पर सहमत होता है, तो यूक्रेन ट्रंप की शांति योजना पर जनमत संग्रह कराने को तैयार है। माना जा रहा है कि इस सैन्य कार्रवाई के जरिए रूस यूक्रेन पर अपनी शर्तें मानने का दबाव बनाना चाहता है।
यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणाली ने कई हमलों को नाकाम करने का दावा किया है, लेकिन इसके बावजूद राजधानी को भारी नुकसान पहुंचा है। अब पूरी दुनिया की नजरें ट्रंप और जेलेंस्की की होने वाली मुलाकात पर टिकी हैं, जहां युद्धविराम, सुरक्षा गारंटी और भविष्य की रणनीति पर अहम बातचीत होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़े: Salman Khan: विवादों से ऊपर उठकर कैसे बने ‘सबके चहेते भाईजान
Suditi Raje has a background in investigative journalism, with a career spanning over 6 years. As part of the Jankiawaz team, she are committed to exposing the truth and bringing to light the stories that matter most.
