जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दिल्ली राज्य पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2025–26 का सफल आयोजन

जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दिल्ली राज्य पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2025–26 का सफल आयोजन

डीपीएसए की मेज़बानी में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 110 पैरा एथलीटों ने विभिन्न वर्गों में दमखम दिखाया, विजेताओं को मिला सम्मान और नई प्रेरणा।

नई दिल्ली | 27 दिसंबर 2025

डिव्यांग पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ दिल्ली (डीपीएसए) ने आज जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में तीसरी सीनियर तथा दूसरी जूनियर व सब-जूनियर दिल्ली राज्य पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2025–26 का सफल आयोजन किया। इस एकदिवसीय प्रतियोगिता में दिल्ली के अलग-अलग जिलों से आए कुल 110 पैरा एथलीटों ने हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया और दिल्ली सरकार से मान्यता प्राप्त डीपीएसए द्वारा आयोजित इस चैंपियनशिप का उद्देश्य पैरा पावरलिफ्टिंग के लिए एक मज़बूत, पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी मंच तैयार करना तथा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना रहा।

कार्यक्रम का उद्घाटन भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव डॉ. अरविंद मेनन ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। उनके साथ दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त देवेेश श्रीवास्तव, आईपीएस भी मंच पर मौजूद रहे।

अपने संबोधन में डॉ. अरविंद मेनन ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता नहीं, बल्कि अनुशासन, निरंतर अभ्यास और अटूट संकल्प की परीक्षा है। उन्होंने कहा कि आज के पैरा एथलीट यह साबित कर रहे हैं कि सीमाएं बाधा नहीं, बल्कि शक्ति बन सकती हैं। खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी पहलें समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ने का अवसर दे रही हैं।

जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दिल्ली राज्य पैरा पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2025–26 का सफल आयोजन

विशेष आयुक्त देवेेश श्रीवास्तव, आईपीएस ने खिलाड़ियों की हौसला-अफज़ाई करते हुए उनके साहस, समर्पण और अनुशासन की सराहना की तथा उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

चैंपियनशिप के दौरान सीनियर महिला, सीनियर पुरुष और जूनियर व सब-जूनियर वर्गों में कड़े मुकाबले देखने को मिले। सीनियर महिला वर्ग में विभिन्न भार वर्गों में राजकुमारी, मीरा कश्यप, नाज़िया, अंजू और साहिस्ता ने शीर्ष स्थान हासिल किया।

सीनियर पुरुष वर्ग में अलग-अलग श्रेणियों में बिलाल, डॉ. रामगोपाल, गुलफाम अहमद, विनोद, चंदन, अमित कुमार, जगमोहन और कुलदीप कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। वहीं जूनियर एवं सब-जूनियर पुरुष वर्ग में प्रांजल और हंश खत्री ने अपनी प्रतिभा से सभी का ध्यान आकर्षित किया।

डीपीएसए की अध्यक्ष पारुल सिंह ने कहा कि यह प्रतियोगिता राजधानी में पैरा खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि नियमित राज्य स्तरीय चैंपियनशिप न केवल प्रतिभाओं की पहचान करती हैं, बल्कि खिलाड़ियों के दीर्घकालिक विकास और आत्मविश्वास को भी मज़बूती प्रदान करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *