हैदराबाद ने चेन्नई को हराकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली

हैदराबाद ने चेन्नई को हराकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली

TATA IPL के 63वें मुकाबले में हैदराबाद ने चेन्नई को हराकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली। ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन की शानदार पारियों के बदौलत हैदराबाद ने शानदार जीत दर्ज की।

नई दिल्ली: TATA IPL के 63वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली। चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 180 रन बनाए, जिसमें डेवाल्ड ब्रेविस ने 44 रनों की अहम पारी खेली। जवाब में हैदराबाद की शुरुआत खराब रही, लेकिन हेनरिक क्लासेन और ईशान किशन की शानदार साझेदारी ने टीम को मुकाबले में वापसी दिलाई। ईशान किशन ने 70 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली जबकि स्मरण रविचंद्रन ने 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर चौका लगाकर टीम को एक ओवर रहते मैच जीत दिलाया। इस जीत के साथ हैदराबाद और गुजरात प्लेऑफ में पहुंच गए हैं जबकि चौथे स्थान के लिए पंजाब, राजस्थान, चेन्नई, दिल्ली और कोलकाता के बीच कड़ी टक्कर जारी है।

पैट कमिंस की शानदार गेंदबाजी

सोमवार को चेन्नई के चेपॉक मैदान में खेले गए टाटा आईपीएल के 63वें मैच में दोनों टीमों के बीच एक शानदार मुकाबला खेला गया जो हैदराबाद की टीम के पक्ष में गया। टॉस जीतकर सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया और अपने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 180 रन बनाए। चेन्नई की इस पारी में सबसे ज्यादा डेवाल्ड ब्रेविस ने 44 रनों की पारी खेली। वहीं अच्छी लय में दिख रहे कार्तिक शर्मा 32 रन पर पैट कमिंस का शिकार हो गए। हैदराबाद की ओर से उन्होंने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। वहीं साकिब हुसैन ने 2 विकेट अपने नाम किए। प्रफुल्ल हिंगे और ईशान मलिंगा ने भी 1-1 विकेट लिया।

ईशान और क्लासेन ने खेली मैच विनिंग पारी

181 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। पहला झटका ट्रेविस हेड के रूप में लगा, वहीं दूसरा बड़ा झटका अभिषेक शर्मा के रूप में लगा। इसके बाद हेनरिक क्लासेन और ईशान किशन के बीच 75 रनों की शानदार साझेदारी हुई, जिसने हैदराबाद को मैच में वापसी करा दी। क्लासेन ने 47 रनों की तेज पारी खेली और आउट हो गए। लेकिन तब तक वे टीम को अच्छी स्थिति में पहुंचा चुके थे। दूसरी ओर ईशान किशन ने मोर्चा संभाले रखा और 70 रनों की मैच विनिंग पारी खेली। स्मरण रविचंद्रन ने 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर चौका लगाकर हैदराबाद को एक शानदार जीत दिला दी।

प्लेऑफ की कहानी हुई दिलचस्प

हैदराबाद अब 16 पॉइंट के साथ प्लेऑफ में पहुंच चुकी है। इसका फायदा गुजरात टाइटंस को भी मिला, जो 16 पॉइंट के साथ प्लेऑफ में पहुंच गई। वहीं रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु पहले ही प्लेऑफ में जगह बनाकर शीर्ष स्थान पर बनी हुई है। अब चौथे स्थान के लिए अभी भी 5 टीमों के बीच जंग छिड़ी हुई है, जिनमें पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल, सीएसके, दिल्ली और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीमें शामिल हैं। मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स पहले ही बाहर हो चुकी हैं।

चौथे स्थान के लिए टीमों में जंग

13 मैचों में 13 पॉइंट के साथ चौथे स्थान पर बनी पंजाब के पास अभी सबसे अच्छा मौका है। उनका आखिरी मुकाबला लखनऊ के साथ है। अगर वे यह मुकाबला जीत लेते हैं, तो वे 15 पॉइंट तक पहुंच जाएंगे। इसके बाद सिर्फ राजस्थान रॉयल की टीम ही उन्हें पीछे कर सकती है। वहीं राजस्थान के पास अभी दो मैच बाकी हैं और अगर वे दोनों जीत जाती हैं, तो सीधे प्लेऑफ में पहुंच जाएंगी। वहीं चेन्नई को हैदराबाद से मिली हार के बाद प्लेऑफ की राह बहुत मुश्किल हो गई है। उनका आखिरी मैच गुजरात टाइटंस के साथ है, जिसे जीतने के साथ-साथ उन्हें दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना होगा। दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की भी कहानी कम रोमांचक नहीं है। उन्हें पहले बचे हुए मैच जीतने होंगे, उसके बाद दूसरी टीमों के नतीजे भी बहुत महत्वपूर्ण होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *