दिल्ली के किदवई नगर ईस्ट में दुर्गा पूजा की धूम, 21 अक्टूबर तक होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

दिल्ली के किदवई नगर ईस्ट में दुर्गा पूजा की धूम, 21 अक्टूबर तक होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

नई दिल्ली: दिल्ली के किदवई नगर ईस्ट में दुर्गा पूजा के अवसर पर धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। किदवई नगर ईस्ट सार्बोजनिन पूजा समिति की ओर से टाइप-V स्थित हनुमान मंदिर परिसर में 16 से 21 अक्टूबर तक सार्बोजनिन श्री श्री दुर्गा पूजा मनाई जा रही है। किदवई नगर ईस्ट बांगिया समिति (पंजीकृत) के तहत आयोजित यह उत्सव अपने छठे वर्ष में प्रवेश कर चुका है।

इस आयोजन का नेतृत्व क्षेत्र की महिला निवासी कर रही हैं। स्थानीय लोगों के सहयोग से पूजा की तैयारियां और विभिन्न कार्यक्रम संपन्न किए जा रहे हैं। आयोजन में पारंपरिक अनुष्ठानों के साथ पुष्पांजलि, आरती, प्रसाद और भोग वितरण तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल हैं।

समिति की अध्यक्ष सुमना रॉय ने कहा कि दुर्गा पूजा लोगों को एक साथ आने और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने का अवसर देती है। उन्होंने पिछले छह वर्षों से आयोजन को आगे बढ़ाने में स्थानीय लोगों के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया।

उपाध्यक्ष इंदिरा उपाध्याय ने कहा कि समिति का प्रयास है कि बच्चे, युवा और बड़े सभी पूजा तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लें। वहीं, महासचिव सुभाष चंद्र घोष ने कहा कि स्थानीय निवासियों की भागीदारी से आयोजन अधिक खास बनता है।

दिल्ली में पहली बार दुर्गा पूजा देखने पहुंचे सौरव और रिया ने भी उत्सव के माहौल को पसंद किया। उन्होंने पूजा के साथ आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों और लोगों के उत्साह को अपने लिए खास अनुभव बताया।

दुर्गा पूजा के बाद समिति 25 अक्टूबर को कोजागरी लक्ष्मी पूजा, 8 नवंबर को काली पूजा और 11 फरवरी 2027 को सरस्वती पूजा का आयोजन करेगी। समिति ने श्रद्धालुओं और क्षेत्र के निवासियों से 21 अक्टूबर तक उत्सव में शामिल होने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *