नई दिल्ली: पैरा स्पोर्ट्स के विकास और खिलाड़ियों के सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली दिल्ली पैरालंपिक समिति की अध्यक्ष श्रीमती पारुल सिंह को ‘नेशनल आइकन अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें समावेशी खेलों को बढ़ावा देने और पैरा खिलाड़ियों के लिए नए अवसर तैयार करने में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया।
नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आरोग्य दर्पण द्वारा आयोजित समारोह में उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में भारत सरकार के कैबिनेट सचिवालय के अपर सचिव श्री सौरभ कुमार तिवारी, एमएसएमई की राष्ट्रीय सलाहकार श्रीमती रश्मि मिश्रा, पूर्व लोकसभा सांसद श्री प्रदीप गांधी और आयोजन समिति के अध्यक्ष श्री राम वर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
श्रीमती पारुल सिंह के नेतृत्व में दिल्ली पैरालंपिक समिति पैरा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने, खेलों में उनकी भागीदारी बढ़ाने और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। यह पुरस्कार उनके समर्पण और पैरा स्पोर्ट्स को मजबूत बनाने की दिशा में किए जा रहे कार्यों की सराहना है।
सम्मान को पैरा स्पोर्ट्स समुदाय को किया समर्पित
नेशनल आइकन अवॉर्ड 2026’ मिलने के बाद श्रीमती पारुल सिंह ने सभी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उन सभी पैरा खिलाड़ियों, कोच, अधिकारियों और सहयोगियों का है, जिनके संयुक्त प्रयासों से पैरा स्पोर्ट्स को नई पहचान मिल रही है। उन्होंने इस सम्मान को पूरे पैरा स्पोर्ट्स समुदाय को समर्पित किया और सभी के लिए बेहतर, समान और समावेशी खेल अवसर उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
वहीं, दिल्ली पैरालंपिक समिति ने श्रीमती पारुल सिंह को इस सम्मान के लिए बधाई दी। समिति ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में पैरा स्पोर्ट्स को नई मजबूती मिलेगी और भारत में दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए अवसरों का विस्तार होगा।
