एनडीटीवी मैनेजिंग एडिटर अखिलेश शर्मा ने पत्रकारिता में बढ़ती टेक्नोलॉजी की भूमिका पर डाला प्रकाश
नई दिल्ली: एमईआरआई कॉलेज, जनकपुरी में पत्रकारिता एवं जन-संचार विभाग ने टीवी एंकरिंग में करियर और आवश्यक कौशल को लेकर एक विशेष एक्सपर्ट टॉक आयोजित की। ‘टीवी एंकरिंग की कला और करियर के अवसर’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में एनडीटीवी के मैनेजिंग एडिटर अखिलेश शर्मा मुख्य वक्ता रहे।
एमईआरआई ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के वाइस प्रेसिडेंट प्रो. ललित अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में बीए (जेएमसी) के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। शर्मा ने कहा कि डिजिटल तकनीक ने पत्रकारिता को नई दिशा दी है और मोबाइल फोन पत्रकारों के लिए एक अहम टूल बन गया है।
उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि एक सफल टीवी एंकर के लिए आत्मविश्वास के साथ-साथ स्पष्ट उच्चारण, सही वॉयस मॉड्यूलेशन और प्रभावी प्रस्तुति जरूरी है। उन्होंने कहा कि एंकर को खबर पढ़ने से आगे बढ़कर उसके संदर्भ, प्रकृति और संवेदनशीलता को समझना चाहिए।
शर्मा ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से समाचार पत्र पढ़ने और देश-दुनिया की घटनाओं पर नजर रखने की सलाह दी। उन्होंने टीवी एंकरिंग के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम में आयोजित इंटरैक्टिव प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने पत्रकारिता और एंकरिंग से जुड़े सवाल पूछे, जिनका शर्मा ने जवाब दिया। डॉ. एस.के. पांडेय ने स्वागत भाषण दिया, जबकि कृतिका गुप्ता और रिधिमा तंवर ने कार्यक्रम का संचालन किया। प्रो. सदानंद पांडेय ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
