बिहार में बनेगा फूड प्रोसेसिंग पार्क, यूएई निवेश को लेकर हुआ बड़ा MoU

बिहार में बनेगा फूड प्रोसेसिंग पार्क, यूएई निवेश को लेकर हुआ बड़ा MoU

बिहार उद्योग विभाग और AIM Global Foundation ने AIM Congress 2026 में समझौता किया

दुबई: बिहार में फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को बढ़ावा देने और विदेशी निवेश आकर्षित करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। उद्योग विभाग, बिहार सरकार और AIM Global Foundation ने दुबई में आयोजित AIM Congress 2026 के दौरान एक MoU का आदान-प्रदान किया।

इस समझौते के तहत बिहार में एक समर्पित फूड प्रोसेसिंग पार्क को बढ़ावा दिया जाएगा। परियोजना के लिए यूएई और खाड़ी क्षेत्र के निवेशकों, कंपनियों और संस्थानों से पूंजी आकर्षित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

साझेदारी के तहत बिहार उद्योग विभाग और AIM Global Foundation एक एकीकृत कृषि-खाद्य एवं फूड प्रोसेसिंग क्लस्टर विकसित करने की दिशा में काम करेंगे। इससे बिहार की कृषि उपज को प्रोसेसिंग, वैल्यू एडिशन और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने के अवसर बढ़ेंगे।

राज्य सरकार का लक्ष्य बिहार को खाड़ी देशों की खाद्य आपूर्ति श्रृंखला के लिए एक प्रमुख sourcing और processing hub बनाना है। इससे राज्य में कृषि आधारित उद्योगों और निवेश के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

MoU कार्यक्रम में बिहार की उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह मौजूद रहीं। उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार और AIM Global Foundation के प्रेसिडेंट H.E. दाऊद अल-शेजावी ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। उद्योग निदेशक मुकुल कुमार गुप्ता भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

श्रेयसी सिंह ने कहा कि यह साझेदारी बिहार को पसंदीदा निवेश गंतव्य बनाने की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने कहा कि फूड प्रोसेसिंग पार्क बिहार के किसानों और उद्योगों को वैश्विक सप्लाई चेन से जोड़ने में मदद करेगा।

कुंदन कुमार ने कहा कि MoU बिहार और यूएई के निवेशकों के बीच फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में मजबूत और व्यवस्थित सहयोग का आधार तैयार करेगा। विभाग अब AIM Global Foundation के साथ मिलकर ठोस निवेश अवसरों की पहचान करेगा।

यह समझौता Rising Bihar 2026 से पहले बिहार की वैश्विक निवेश पहुंच को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *