भारत मंडपम में गूंजे बिहार के लोकगीत, नीतू कुमारी नवगीत ने बांधा समां

भारत मंडपम में गूंजे बिहार के लोकगीत, नीतू कुमारी नवगीत ने बांधा समां

IITF 2026 में बिहार दिवस पर डॉ. नीतू कुमारी नवगीत, रंजना झा और रिया सिंह ने लोकगीत पेश किए। सांस्कृतिक कार्यक्रम में बिहार की विरासत की झलक दिखी

नई दिल्ली: भारत मंडपम में शुक्रवार को बिहार के पारंपरिक लोकगीतों की गूंज सुनाई दी। 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 के तहत आयोजित बिहार दिवस समारोह में लोक गायिका डॉ. नीतू कुमारी नवगीत, रंजना झा और रिया सिंह ने अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया।

बिहार सरकार के उद्योग विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य की लोक परंपराओं, संगीत और सांस्कृतिक विविधता को मंच पर प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

ओपन एयर एम्फीथिएटर-1 में आयोजित सांस्कृतिक संध्या की थीम ‘बिहार दिवस : अपनी जड़ों का उत्सव, अपनी विरासत को नमन’ थी।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण डॉ. नीतू कुमारी नवगीत की प्रस्तुति रही। उन्होंने ‘बुद्ध और महावीर ने यहीं लिया अवतार, ये है मेरा बिहार’ गीत के माध्यम से राज्य की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को स्वर दिया। इसके बाद उन्होंने छठ पर्व से जुड़े पारंपरिक गीत और अपने लोकप्रिय लोकगीत पेश किए।

गायिका रिया सिंह ने ‘ऐ राजाजी’ गीत की प्रस्तुति से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं, रंजना झा ने भी अपनी गायकी से कार्यक्रम में चार चांद लगाए।

नालंदा संगीत कला विकास संस्थान और रंग सेतु के कलाकारों ने भी अपनी कलात्मक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। संस्थान के कलाकारों ने ‘महका महका सोंधी-सोंधी माटी का बिहार है’ गीत पर लोकनृत्य प्रस्तुत कर बिहार की मिट्टी और संस्कृति की खुशबू को मंच पर जीवंत किया।

IITF में बिहार की भागीदारी राज्य की औद्योगिक क्षमता, हस्तशिल्प, पर्यटन, उद्यमिता और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से की गई है।

बिहार सरकार का उद्योग विभाग राज्य की परंपराओं के साथ विकास और नए व्यावसायिक अवसरों को भी बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रहा है। कार्यक्रम का समापन रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *