राजस्थान दिवस पर IITF में घूमर, कालबेलिया और गैर नृत्य की धूम

राजस्थान दिवस पर IITF में घूमर, कालबेलिया और गैर नृत्य की धूम

IITF 2026 में राजस्थान दिवस पर कलाकारों ने घूमर, कालबेलिया, गैर, चरी और भवई नृत्य पेश किए। पारंपरिक संगीत ने सांस्कृतिक शाम को खास बनाया

नई दिल्ली। इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF-2026) में राजस्थान दिवस के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या राजस्थानी लोक कलाओं के नाम रही। प्रगति मैदान में राजस्थान पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में घूमर, कालबेलिया, गैर, चरी और भवई जैसे पारंपरिक नृत्यों के साथ लोक संगीत की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का ध्यान खींचा।

कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना और डीग के श्री मन्नू शर्मा की चरकुला नृत्य प्रस्तुति से हुई। इसके बाद जैसलमेर के श्री हयात खां लंगा ने खड़ताल वादन और गायन प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति ने कार्यक्रम में लोक संगीत का रंग भर दिया।

सांस्कृतिक संध्या में अलग-अलग क्षेत्रों के कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। किशनगढ़ की सुश्री अरुशिका ने चरी नृत्य, अलवर के श्री जाकिर खान मेवाती ने भपंग वादन और नई दिल्ली के श्री सुरेश व्यास ने भवई नृत्य प्रस्तुत किया। अजमेर की सुश्री रिया कंवर ने घूमर नृत्य पेश किया।

इसके साथ ही चूरू के श्री गोपाल गिला ने चंग ढप नृत्य और बाड़मेर के श्री गजेंद्र बानिया ने गैर नृत्य की प्रस्तुति दी। जोधपुर के श्री सोहन ने कालबेलिया नृत्य के जरिए राजस्थानी लोक परंपरा की झलक दिखाई। डीग के श्री विष्णु शर्मा ने मयूर नृत्य और फूलों के नृत्य से कार्यक्रम को और आकर्षक बनाया। पूरे आयोजन का संचालन दौसा के श्री अशोक शर्मा ने किया।

इस सांस्कृतिक संध्या का उद्घाटन मुख्य आवासीय आयुक्त श्री रोहित कुमार के मुख्य आतिथ्य में दीप प्रज्वलित कर हुआ। इस मौके पर राजस्थान पवेलियन के निदेशक श्री हर्ष शर्मा, पर्यटन विभाग की डिप्टी डायरेक्टर श्रीमती दीपाली शर्मा, डिप्टी डायरेक्टर आईटी श्री छत्रपाल यादव और टूरिस्ट ऑफिसर श्री मनोज शर्मा उपस्थित रहे।

मुख्य आवासीय आयुक्त श्री रोहित कुमार ने कहा कि इस आयोजन से मेले में आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों, व्यापारियों और अन्य आगंतुकों को राजस्थान की लोक संस्कृति, पारंपरिक कलाओं और संगीत को जानने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक विरासत को बड़े मंच पर प्रदर्शित करना प्रदेश के पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *