IITF 2026 में राजस्थान पवेलियन पहुंचे अर्जुन राम मेघवाल, विरासत और नवाचार की सराहना

IITF 2026 में राजस्थान पवेलियन पहुंचे अर्जुन राम मेघवाल, विरासत और नवाचार की सराहना

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने IITF 2026 में राजस्थान पवेलियन का दौरा किया। उन्होंने हस्तशिल्प, पारंपरिक कलाओं और आधुनिक तकनीकी नवाचारों की सराहना की

नई दिल्ली। 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF-2026) में मंगलवार को केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने राजस्थान पवेलियन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक तकनीकी नवाचारों को एक साथ प्रस्तुत करने के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि राजस्थान ने अपनी कला, संस्कृति और विकास की संभावनाओं को एक ही मंच पर प्रभावशाली तरीके से प्रदर्शित किया है।

दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने पवेलियन में लगे विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने शिल्पकारों, हस्तशिल्पियों, उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों (SHGs) से जुड़ी महिलाओं से बातचीत की। उन्होंने उनके उत्पादों, पारंपरिक निर्माण प्रक्रियाओं और शिल्पकला के बारे में जानकारी ली। इस दौरान ब्लू पॉटरी, कोटा डोरिया, मोलेला टेराकोटा, मीनाकारी, खादी एवं ग्रामोद्योग के स्टॉलों में उन्होंने विशेष रुचि दिखाई।

पवेलियन में पारंपरिक कलाओं के लाइव डेमो और व्यावहारिक गतिविधियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं। मेघवाल ने मोलेला कला, मेहंदी, बगरू ब्लॉक प्रिंटिंग, टाई एंड डाई और पारंपरिक दरी निर्माण के प्रदर्शनों को देखा। उन्होंने कारीगरों से इन कलाओं की बारीकियों और पीढ़ियों से चली आ रही शिल्प परंपराओं के बारे में जानकारी ली। 3D प्रिंटिंग के लाइव प्रदर्शन का भी उन्होंने अवलोकन किया।

आधुनिक तकनीक से जुड़ी प्रस्तुतियों में AI आधारित डिजिटल कठपुतली कियोस्क और सेल्फी झरोखा भी शामिल रहे। केंद्रीय मंत्री ने राजस्थान के सभी 41 जिलों के विशिष्ट उत्पादों को प्रदर्शित करने वाली ODOP वॉल और प्रदेश के 24 GI टैग प्राप्त उत्पादों को दर्शाने वाली GI Tag Wall का भी अवलोकन किया। उन्होंने पारंपरिक शिल्प को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की पहल की सराहना की।

इस दौरान उन्होंने RRECL, राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम, राजीविका, पर्यटन विभाग, उद्योग विभाग, उद्योग आयुक्तालय, RIICO और ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टमेंट प्रमोशन के थीमैटिक डिस्प्ले भी देखे। इन प्रस्तुतियों में राज्य की औद्योगिक प्रगति, नवीकरणीय ऊर्जा, कौशल विकास और निवेश की संभावनाओं को प्रदर्शित किया गया था।

केंद्रीय मंत्री को राजस्थान की पारंपरिक वस्त्र कलाओं, टेक्सटाइल वॉल, लोककला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बारे में भी जानकारी दी गई।

उल्लेखनीय है कि राजस्थान लघु उद्योग निगम लिमिटेड (राजसीको) की ओर से स्थापित राजस्थान पवेलियन इस वर्ष IITF की थीम ‘विकास और विरासत’ पर आधारित है। प्रगति मैदान के हॉल नंबर-3 के ग्राउंड फ्लोर पर करीब 1,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में बने इस पवेलियन में राजस्थान की संस्कृति, हस्तशिल्प, पर्यटन, महिला उद्यमिता, ODOP, औद्योगिक क्षमताओं और तकनीकी नवाचारों को प्रदर्शित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *