भीलवाड़ा के छठ महोत्सव में वृंदावन के कलाकारों ने छठी मैया और देवी-देवताओं की झांकियां पेश कीं। भोजपुरी गीतों ने कार्यक्रम को भक्तिमय बनाया
भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा में आयोजित छठ महोत्सव की दूसरी शाम धार्मिक प्रस्तुतियों और भोजपुरी लोकगीतों के नाम रही। वॉटर वर्क्स स्थित लेबर कॉलोनी के श्रम कल्याण केंद्र परिसर में पूर्वांचल जन चेतना समिति (चैरिटेबल ट्रस्ट) की ओर से आयोजित कार्यक्रम में वृंदावन से आए कलाकारों ने छठी मैया और अन्य देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद ‘माय फ्रेंड गणेशा’ और ‘देवा हो देवा’ जैसे गीतों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। समीर शर्मा एंटरटेनमेंट के माध्यम से पहुंचे वृंदावन के कलाकारों ने धार्मिक प्रसंगों पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। वॉटर टैंक में छठी मैया के स्वरूप और सूर्य को अर्घ्य देते श्रद्धालुओं की झांकी कार्यक्रम का खास आकर्षण रही। अमरनाथ में भगवान शिव के साथ रहने वाले दो कबूतरों से जुड़े प्रसंग को भी मंच पर दर्शाया गया।
इसके बाद भोजपुरी गायकों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को जोड़े रखा। छपरा के गायक श्याम सिंह ने ‘मंगल के दाता, हुआ बिगड़ी बनाई जी’, ‘रेलगड़िया धराई द बलमुआ, जाइब छठ’ और ‘विद्या बनाई द छठी घाटे, देवरू’ जैसे गीत गाए। वहीं, गायिका संजना राय ने ‘कोन संकट परल तोहार दीनानाथ’, ‘उगा है सूरज देव’ और ‘कांचे ही बांस के बहंगिया’ जैसे पारंपरिक छठ गीत प्रस्तुत किए। यीशु गुप्ता और आरोही ने नृत्य प्रस्तुतियां दीं।

इस अवसर पर अभिनेत्री भारती मेहता भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं। मुंबई फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी भारती मेहता फिल्मों, वेब सीरीज, ओटीटी और टेलीविजन प्रोजेक्ट्स में काम कर चुकी हैं। उनकी मौजूदगी भी आयोजन के आकर्षणों में शामिल रही। कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली के टीजे एंटरटेनमेंट के तत्वावधान में किया गया।
समिति के संस्थापक अध्यक्ष रजनीश वर्मा ने कहा कि छठ महापर्व सूर्य उपासना के साथ त्याग, तपस्या, अनुशासन, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है। यह पूर्वांचल की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने कहा कि महोत्सव के जरिए पारंपरिक लोकगीतों और रीति-रिवाजों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में दिनेश साहनी, बबलू सिंह, अनुराधा झा, पूनम, मंजू देवी, वैभव जोशी, चिराग ट्रेलर, लीलकांत चौधरी और प्रभु नारायण झा सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
