IITF 2026 में बिहार के हैंडलूम और हस्तशिल्प उत्पादों ने खींचा ध्यान

दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में बिहार के हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट उत्पादों की अच्छी मांग रही। बिहार को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सहभागिता पुरस्कार भी मिला

नई दिल्ली: 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में बिहार के हैंडलूम और हैंडीक्राफ्ट उत्पादों को लोगों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली। प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों को देखने और खरीदने के लिए विभिन्न स्टॉल पर आगंतुक पहुंचे। इसी बीच, उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए साझीदार राज्य बिहार को सम्मानजनक सहभागिता पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।

27 नवंबर को समाप्त हुए इस व्यापार मेले में बिहार के उत्पादों ने अपनी पारंपरिक पहचान के जरिए लोगों का ध्यान आकर्षित किया। बांका के कामरान फैजल के स्टॉल और मेनका के अश्विता हैंडलूम स्टॉल पर खरीदारों की अच्छी भीड़ देखने को मिली।

कारीगरों और बुनकरों को मिला बड़ा मंच

बिहार सरकार की ओर से सम्मानजनक सहभागिता पुरस्कार डॉ. विद्यानंद सिंह (IAS) ने ग्रहण किया। वह बिहार सरकार के उद्योग विभाग के हथकरघा एवं रेशम पालन निदेशालय से जुड़े हैं। पुरस्कार ग्रहण करने के दौरान उद्योग विभाग के कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर हैदर ने कहा कि व्यापार मेले में बिहार के उत्पादों को मिल रही प्रतिक्रिया उत्साहजनक है। उनके मुताबिक, ऐसे आयोजन प्रदेश के कारीगरों, बुनकरों और छोटे कारोबारियों को अपने उत्पादों को बड़े मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं।

बिहार के पारंपरिक खानपान ने भी लुभाया

व्यापार मेले के फूड कोर्ट में बिहार के पारंपरिक व्यंजनों की भी अच्छी मांग रही। बिहार स्टेट फूड स्टॉल पर दाल पीठी और लिट्टी-चोखा लोगों की पसंद बने रहे।

मिस्टर लिट्टी वाला के संचालक देवेंद्र सिंह ने बताया कि आगंतुकों को लिट्टी-चोखा और दाल पीठी खूब पसंद आ रहे हैं। मेले के जरिए लोगों को बिहार के पारंपरिक खानपान से रूबरू होने का अवसर मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *