IITF 2026 में राजस्थान को फूड कैटेगरी में मिला गोल्ड अवॉर्ड

दिल्ली में आयोजित IITF 2026 में राजस्थान पवेलियन को फूड कैटेगरी में गोल्ड अवॉर्ड और पार्टनर स्टेट श्रेणी में उत्कृष्ट सहभागिता सम्मान मिला

नई दिल्ली: भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF) 2026 में राजस्थान पवेलियन को फूड कैटेगरी में गोल्ड अवॉर्ड मिला है। इसके साथ ही पार्टनर स्टेट श्रेणी में पवेलियन को ‘Award of Honorable Participation’ से भी सम्मानित किया गया। ये पुरस्कार प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय उत्पादों और पवेलियन की प्रस्तुति के लिए दिए गए।

45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में राजस्थान लगातार दूसरे साल पार्टनर स्टेट के रूप में शामिल हुआ। इस वर्ष पवेलियन की थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई थी। इसके तहत प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प, हथकरघा, आभूषण, वस्त्र और फर्नीचर को प्रदर्शित किया गया।

राजस्थान के उत्पादों को मिला मंच

पवेलियन के निदेशक हर्ष शर्मा ने बताया कि इस बार राजस्थान पवेलियन में 44 स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से प्रदेश के कारीगरों, उद्यमियों और उत्पादकों को अपने उत्पादों को देश-दुनिया के सामने रखने का मौका मिला।

इसके अलावा, 7 लाइव डेमो आयोजित किए गए, जिनमें राजस्थान की पारंपरिक शिल्पकलाओं और कारीगरी को प्रदर्शित किया गया। इससे आगंतुकों को प्रदेश की हस्तशिल्प परंपराओं को करीब से देखने का अवसर मिला।

41 जिलों के उत्पादों को मिली जगह

पवेलियन की ODOP एक्सपीरियंस वॉल पर राजस्थान के सभी 41 जिलों के विशिष्ट उत्पाद प्रदर्शित किए गए। वहीं, GI टैग वॉल पर प्रदेश के भौगोलिक संकेतक प्राप्त उत्पादों और पारंपरिक शिल्पों को दिखाया गया।

हर्ष शर्मा के मुताबिक, 26 नवंबर तक चार लाख से अधिक लोग राजस्थान पवेलियन पहुंच चुके थे। इनमें व्यापारी, उद्यमी, विदेशी प्रतिनिधि और देश के विभिन्न राज्यों से आए आगंतुक शामिल थे।

आयोजन से जुड़े लोगों का योगदान

राजस्थान पवेलियन को मिले दोनों पुरस्कारों में राज्य सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, राजस्थान लघु उद्योग निगम (RAJSICO), आयोजन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ कारीगरों, उद्यमियों और स्टॉल संचालकों की भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *