IITF 2026 में राजस्थान पवेलियन ने किया ₹50 लाख से अधिक का कारोबार

IITF 2026 में राजस्थान पवेलियन ने 50 लाख रुपये से अधिक का कारोबार किया। जयपुरी रजाइयों, हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों की रही भारी मांग

नई दिल्ली: दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित 45वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले का शुक्रवार को समापन हो गया। 14 दिनों तक चले इस आयोजन में राजस्थान पवेलियन ने लोगों के बीच खास पहचान बनाई। पवेलियन में बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शकों ने राजस्थान की कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों को देखा और खरीदा। इस दौरान पवेलियन ने 50 लाख रुपये से अधिक का कारोबार दर्ज किया।

राजस्थान पवेलियन के निदेशक हर्ष शर्मा के मुताबिक, मेले में प्रदर्शित उत्पादों की मांग काफी अच्छी रही। जयपुरी रजाइयों, राजस्थानी हस्तशिल्प, पारंपरिक कपड़ों और स्थानीय व्यंजनों ने खरीदारों को खास तौर पर आकर्षित किया। इन उत्पादों की बिक्री ने पवेलियन के कुल कारोबार में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

राजस्थान सरकार ने पवेलियन के माध्यम से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के ‘विकसित राजस्थान’ विजन को भी प्रदर्शित किया। यहां प्रदेश के 41 जिलों के एक जिला एक उत्पाद (ODOP) के तहत चयनित उत्पादों को जगह दी गई। इसके साथ ही 24 जीआई टैग प्राप्त उत्पादों को भी दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया गया।

कुल 44 स्टॉलों के जरिए स्थानीय शिल्पकारों, उद्यमियों, उत्पाद निर्माताओं और महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पाद बेचने और उनकी पहचान बढ़ाने का अवसर मिला। इस पहल ने स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने में मदद की।

इस वर्ष IITF की थीम ‘विकास और विरासत’ के अनुरूप राजस्थान पवेलियन में पारंपरिक संस्कृति और आधुनिक तकनीक का मेल देखने को मिला। आकर्षक ‘पीकॉक गेट’ और ‘नमस्ते गेट’ के अलावा एआई आधारित डिजिटल झरोखा, कठपुतली कियोस्क, सेल्फी झरोखा और 3डी प्रिंटिंग जैसी प्रस्तुतियां भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनीं।

मेले के दौरान विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों ने भी राजस्थान पवेलियन का दौरा किया। उन्होंने प्रदेश की कला, संस्कृति और हस्तशिल्प की सराहना की तथा स्थानीय कारीगरों से बातचीत कर उनके काम और अनुभवों को समझा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *