जुहू रोड पर अक्षय कुमार के साथ चलते सुरक्षा वाहन का भीषण एक्सीडेंट, ऑटो और मर्सिडीज की टक्कर में दो लोग घायल। हादसे के बाद मदद के लिए खुद बाहर आए अक्षय कुमार
20 जनवरी 2026, नई दिल्ली।
मुंबई में बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार के साथ एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। हाल ही में पत्नी ट्विंकल खन्ना के साथ विदेश यात्रा से लौटे अक्षय कुमार जब एयरपोर्ट से अपने जुहू स्थित घर जा रहे थे, तभी उनके साथ चल रहे सुरक्षा वाहन में एक हादसा हो गया। इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सोशल मीडिया पर घटना के वीडियो तेजी से वायरल होने लगे।
जुहू रोड पर हुआ हादसा, दो लोग घायल
यह दुर्घटना जुहू रोड पर सिल्वर बीच कैफे के पास हुई, जहां तेज रफ्तार मर्सिडीज कार एक ऑटो रिक्शा से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर अक्षय कुमार की सिक्योरिटी गाड़ी से जा भिड़ा। राहत की बात यह रही कि अक्षय कुमार और ट्विंकल खन्ना उस कार में मौजूद नहीं थे, हालांकि वे उसी सुरक्षा दल के साथ चल रहे थे।
मुंबई पुलिस के मुताबिक, इस हादसे में दो लोगों को चोटें आई हैं। घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
Video Credit- Instant Bollywood
घायलों की मदद के लिए खुद आगे आए अक्षय कुमार
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, हादसा होते ही अक्षय कुमार अपनी एसयूवी से बाहर उतरे और ऑटो चालक व यात्री की मदद करते नजर आए। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। यह हादसा 19 जनवरी की रात करीब 8:30 बजे हुआ।
रिक्शा चालक की हालत गंभीर
ऑटो चालक के भाई मोहम्मद समीर ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उनके भाई की हालत गंभीर है। उन्होंने कहा, “हादसा रात करीब साढ़े आठ बजे हुआ। रिक्शा पूरी तरह टूट चुका है। हमारी बस यही मांग है कि मेरे भाई को सही इलाज मिले और हुए नुकसान की भरपाई की जाए।”
Video Credit- Instant Bollywood
फैंस की बढ़ी चिंता, अक्षय की ओर से बयान नहीं
घटना के बाद सोशल मीडिया पर अक्षय कुमार के फैंस उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आए। हालांकि, इस पूरे मामले पर अभी तक अक्षय कुमार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
Also Read: Home Remedies: महंगे प्रोडक्ट्स नहीं, घर के नुस्खे भी मिटा सकते हैं पिंपल के दाग
