डॉ. सौम्या गुर्जर ने दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री से की मुलाकात

डॉ. सौम्या गुर्जर ने दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री से की मुलाकात

जीएसटी-2 रिफॉर्म्स, जयपुर के विकास कार्यों और स्थानीय निकायों की वित्तीय मजबूती पर हुई सार्थक बातचीत

नई दिल्ली, 25 नवंबर 2025


जयपुर ग्रेटर नगर निगम की महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण से औपचारिक मुलाकात की। इस बैठक में जयपुर के नगरीय विकास, सौंदर्यकरण और स्थानीय निकायों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान डॉ. गुर्जर ने जयपुर में हाल के वर्षों में हुए महत्वपूर्ण विकास कार्यों और नगर निगम स्तर पर चल रही सौंदर्यकरण परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैसे इन प्रयासों ने शहर को नई पहचान और बेहतर शहरी अनुभव दिया है।

डॉ. सौम्या गुर्जर ने राजस्थान में लागू जीएसटी-2 रिफॉर्म्स के सकारात्मक प्रभावों पर भी विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि इन सुधारों से न केवल व्यापारिक समुदाय को राहत मिली है, बल्कि आम नागरिकों के लिए भी लेन-देन और सेवाओं में सरलता आई है।

महापौर ने अपने कार्यकाल के अनुभवों, स्थानीय निकायों की चुनौतियों और वित्तीय सुदृढ़ीकरण की आवश्यकता पर भी विस्तार से बात की। उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री को राजस्थान के स्थानीय निकायों की आर्थिक स्थिति को और मजबूत बनाने के लिए सहयोग का अनुरोध किया।

इस अवसर पर डॉ. गुर्जर ने जयपुर ग्रेटर नगर निगम की उपलब्धियों पर आधारित कॉफी टेबल बुक “मेरा जयपुर ग्रेटर” भी श्रीमती सीतारमण को भेंट की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *