लखनऊ में होगा 11वां इंडिया फूड एक्सपो 2026, दिल्ली में जुटे 100+ उद्यमी

लखनऊ में होगा 11वां इंडिया फूड एक्सपो 2026, दिल्ली में जुटे 100+ उद्यमी

नई दिल्ली: एमएसएमई क्षेत्र को नई दिशा देने के उद्देश्य से इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) ने नई दिल्ली में उद्योग संवाद एवं मीडिया ब्रीफिंग आयोजित की। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री दिनेश गोयल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में 18-20 सितंबर 2026 को लखनऊ के रेगालिया ग्रीन्स, गोमती नगर एक्सटेंशन में होने वाले 11वें इंडिया फूड एक्सपो 2026 की रूपरेखा साझा की गई।

कार्यक्रम में 100 से अधिक उद्योगपति, उद्यमी और एमएसएमई प्रतिनिधि मौजूद रहे। राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री आलोक अग्रवाल ने बताया कि एक्सपो में लगभग 160 स्टॉल लगाए जाएंगे और पात्र एमएसएमई प्रदर्शकों को स्टॉल बुकिंग पर 80% तक सरकारी सब्सिडी मिलेगी। यह सुविधा पहले 60 पात्र आवेदकों के लिए उपलब्ध रहेगी।

खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को मिलेगा नई तकनीक और निवेश का बढ़ावा

महासचिव श्री दीपक कुमार बजाज ने कहा कि इंडिया फूड एक्सपो आज उत्तर भारत के खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण उद्योग मंच बन गया है, जहां निर्माता, तकनीकी कंपनियां, स्टार्टअप्स, निर्यातक, खरीदार, निवेशक और नीति-निर्माता एक साथ आते हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन तकनीकी नवाचार, व्यापार विस्तार, नेटवर्किंग और निवेश को बढ़ावा देगा, जिससे एमएसएमई को नई संभावनाएं मिलेंगी। उन्होंने यह भी बताया कि आईआईए से 16,000 से अधिक सदस्य जुड़े हैं, जो लगभग एक लाख औद्योगिक इकाइयों का प्रतिनिधित्व करते हैं।

रोजगार, किसानों की समृद्धि और एमएसएमई विकास पर रहेगा फोकस

इस दौरान डॉ. ममतामयी प्रियदर्शिनी ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण उद्योग किसानों की समृद्धि, रोजगार सृजन, मूल्य संवर्धन और एमएसएमई विकास में अहम भूमिका निभा सकता है। उनके अनुसार, इंडिया फूड एक्सपो 2026 उद्योग, सरकार, शिक्षा जगत, स्टार्टअप्स और अन्य हितधारकों को एक मंच पर लाकर नवाचार, सहयोग और सतत औद्योगिक विकास को नई गति देगा।

आधुनिक तकनीक अपनाने पर रहेगा फोकस

सीईसी सदस्य डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने कहा कि एक्सपो के तकनीकी सत्र एमएसएमई को नई तकनीकों से जोड़ने और उनकी उत्पादन क्षमता व गुणवत्ता बढ़ाने में सहायक होंगे। आईआईए दिल्ली चैप्टर के सचिव श्री नीरज बजाज ने कहा कि यह आयोजन उद्योगों के लिए नए बाजारों तक पहुंच और व्यापारिक नेटवर्क मजबूत करने का अवसर बनेगा।

खाद्य उद्योग से जुड़े अहम विषयों पर होगी चर्चा

तीन दिवसीय आयोजन में तकनीकी प्रदर्शनियों के साथ खरीदार-विक्रेता बैठकें, विशेषज्ञ व्याख्यान और सेमिनार आयोजित होंगे। इनमें खाद्य सुरक्षा, पैकेजिंग, लॉजिस्टिक्स, गुणवत्ता प्रमाणन, एआई आधारित मैन्युफैक्चरिंग, ब्रांडिंग, निर्यात और सप्लाई चेन जैसे विषय शामिल रहेंगे। विदेशी प्रतिनिधिमंडलों की मौजूदगी से अंतरराष्ट्रीय सहयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।

देशभर के उद्योगों को किया आमंत्रित

आयोजकों ने एमएसएमई, स्टार्टअप्स, एफपीओ, मशीनरी निर्माता, निर्यातक, निवेशक, खरीदार और तकनीकी कंपनियों को एक्सपो में भाग लेकर व्यापार और निवेश के नए अवसरों का लाभ उठाने का निमंत्रण दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *