भारत की सड़कों पर 4,000 इलेक्ट्रिक बसों का ऐतिहासिक रिकॉर्ड, ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक बनी देश की पहली कंपनी, सार्वजनिक परिवहन में नई उपलब्धि
दिल्ली: ओलेक्ट्रा ग्रीनटेक लिमिटेड (OGL) ने भारत के इलेक्ट्रिक मोबिलिटी सेक्टर में एक नई उपलब्धि दर्ज की है। कंपनी देश की पहली ऐसी इलेक्ट्रिक बस निर्माता बन गई है, जिसने भारतीय सड़कों पर 4,000 इलेक्ट्रिक बसें सफलतापूर्वक उतार दी हैं। यह उपलब्धि देश में हरित और टिकाऊ सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
इस खास उपलब्धि का जश्न हिमाचल प्रदेश में आयोजित समारोह के दौरान मनाया गया, जहां मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को कंपनी की 4,000वीं इलेक्ट्रिक बस की चाबी सौंपी गई। यह कार्यक्रम HRTC के बेड़े में शामिल होने वाली 297 नई ओलेक्ट्रा इलेक्ट्रिक बसों के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित किया गया।
देशभर में विभिन्न राज्यों और शहरों की सड़कों पर दौड़ रही ओलेक्ट्रा की 4,000 इलेक्ट्रिक बसें अब तक 73 करोड़ से ज्यादा ग्रीन किलोमीटर की दूरी तय कर चुकी हैं। इस दौरान इन बसों ने 6.5 लाख टन से अधिक CO₂ उत्सर्जन को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिससे पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ वायु को बढ़ावा मिला है।
कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर महेश बाबू ने इस उपलब्धि को ओलेक्ट्रा के सफर का सबसे गौरवपूर्ण पड़ाव बताया। उन्होंने कहा कि भारत में 4,000 इलेक्ट्रिक बसें तैनात करने वाली पहली कंपनी बनना पूरे इलेक्ट्रिक मोबिलिटी उद्योग के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने यह भी कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार को 4,000वीं बस सौंपना उनके लिए विशेष सम्मान की बात है।
महेश बाबू के अनुसार, ग्राहकों, कर्मचारियों, साझेदारों और सरकारों के सहयोग ने इस सफलता को संभव बनाया है। कंपनी आगे भी नई तकनीकों और नवाचारों के जरिए भारत में हरित परिवहन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
