26 जनवरी 2026 को रिपब्लिक डे परेड में इतिहास रचेगा इंडियन सिनेमा, संजय लीला भंसाली करेंगे पहली फिल्मी झांकी का नेतृत्व।
नई दिल्ली: भारत की सांस्कृतिक पहचान अब एक नए अध्याय की ओर बढ़ने जा रही है। 26 जनवरी 2026 को होने वाली रिपब्लिक डे परेड में ऐसा कुछ देखने को मिलेगा, जो पिछले 77 वर्षों में कभी नहीं हुआ। पहली बार इंडियन सिनेमा को इस राष्ट्रीय मंच पर विशेष रूप से प्रस्तुत किया जाएगा और इसकी कमान संभालेंगे मशहूर फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिपब्लिक डे परेड 2026 में इंडियन सिनेमा पर आधारित एक विशेष झांकी शामिल की जाएगी, जिसे संजय लीला भंसाली डिजाइन और प्रस्तुत करेंगे। यह झांकी भारतीय फिल्म उद्योग की विरासत, उसकी कला और वैश्विक पहचान को दर्शाएगी। इस पहल के लिए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने भंसाली के साथ मिलकर काम किया है।
सिनेमा को मिला राष्ट्रीय मंच
अब तक रिपब्लिक डे परेड में राज्यों, सशस्त्र बलों और भारत की सांस्कृतिक विविधता को झांकियों के ज़रिए दिखाया जाता रहा है। लेकिन पहली बार भारतीय सिनेमा को एक अलग पहचान मिलने जा रही है। यह कदम न सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री के योगदान को सम्मान देता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि सिनेमा कैसे भारत की सॉफ्ट पावर बनकर दुनिया में अपनी छाप छोड़ चुका है।
हालांकि, अभी तक इस झांकी को लेकर संजय लीला भंसाली की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन खबरों ने इंडस्ट्री में उत्साह जरूर बढ़ा दिया है।
भंसाली का अनुभव बना वजह
संजय लीला भंसाली उन चुनिंदा फिल्मकारों में शामिल हैं, जिनके काम में भारतीय संस्कृति, इतिहास और भव्यता साफ नजर आती है। सात बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित भंसाली ने देवदास, ब्लैक, बाजीराव मस्तानी और पद्मावत जैसी फिल्मों के जरिए भारतीय सिनेमा को एक अलग स्तर पर पहुंचाया है। उनके सिनेमा की पहचान शानदार सेट्स, गहरी भावनाओं और ऐतिहासिक कथाओं से जुड़ी रही है।
आने वाली फिल्मों में भी व्यस्त
रिपब्लिक डे परेड की इस बड़ी जिम्मेदारी के बीच भंसाली अपने फिल्मी प्रोजेक्ट्स को लेकर भी सक्रिय हैं। वह सिद्धांत चतुर्वेदी और मृणाल ठाकुर स्टारर दो दीवाने सहर में को को-प्रोड्यूस कर रहे हैं, जो 20 फरवरी 2026 को रिलीज़ होगी। इसके अलावा रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल के साथ उनकी फिल्म लव एंड वॉर 14 अगस्त 2026 को रिलीज़ होने की संभावना है।
रिपब्लिक डे परेड 2026 सिर्फ एक परेड नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा के सम्मान और उसकी विरासत का उत्सव बनने जा रही है और इस ऐतिहासिक पल का नेतृत्व संजय लीला भंसाली करेंगे।
