National Press Day 2026: पत्रकारों के लिए पेंशन और मुफ्त इलाज की मांग

नई दिल्ली: राष्ट्रीय प्रेस दिवस 2026 के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में पत्रकारों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कई मुद्दे उठाए गए। Accredited Journalists Association के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार विजय शंकर चतुर्वेदी ने केंद्र और राज्य सरकारों से पत्रकारों के लिए पेंशन, स्वास्थ्य सुविधाओं और यात्रा में रियायत देने की मांग की।

एक्रेडिटेड जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के सहयोग से इस कार्यक्रम का आयोजन किया। समारोह में पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान देने वाले वरिष्ठ और सक्रिय पत्रकारों को सम्मानित किया गया।

वरिष्ठ पत्रकारों के लिए 20 हजार रुपये तक पेंशन की मांग

विजय शंकर चतुर्वेदी ने कहा कि पत्रकारों को अपने पेशे के दौरान कई आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। खासकर क्षेत्रीय पत्रकारों और छोटे समाचार पत्रों से जुड़े लोगों की स्थिति पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

उन्होंने 60 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ पत्रकारों के लिए 15,000 से 20,000 रुपये तक मासिक पेंशन देने की मांग रखी। साथ ही मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए रेलवे किराये में पहले मिलने वाली रियायत दोबारा शुरू करने की अपील की।

उन्होंने सरकारी और निजी अस्पतालों में निःशुल्क चिकित्सा सुविधा, टोल टैक्स में छूट और दिल्ली मेट्रो में मुफ्त यात्रा उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई।

छोटे समाचार पत्रों के लिए नियमित सरकारी विज्ञापन की मांग

एसोसिएशन अध्यक्ष ने कहा कि छोटे और मध्यम समाचार पत्र लोकतंत्र में जमीनी स्तर पर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। क्षेत्रीय पत्रकार स्थानीय समस्याओं और जनहित के मुद्दों को सामने लाते हैं।

उन्होंने ऐसे समाचार पत्रों को नियमित सरकारी विज्ञापन देने और पत्रकारों के प्रशिक्षण के लिए मीडिया अकादमी स्थापित करने की मांग की।

समारोह में पत्रकारिता की स्वतंत्रता पर चर्चा

कार्यक्रम में फेडरेशन ऑफ प्रेस क्लब के अध्यक्ष गौतम लाहिड़ी ने स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता को लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक बताया। उन्होंने पत्रकार संगठनों से अधिकारों और सुरक्षा के मुद्दों पर एकजुट रहने की अपील की।

पूर्व सांसद जय प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि पत्रकारों को बिना दबाव के जनहित के मुद्दे उठाने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए। उन्होंने छोटे और मध्यम समाचार पत्रों की आर्थिक चुनौतियों पर भी ध्यान देने की बात कही।

दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री रमाकांत गोस्वामी ने पत्रकारों के कल्याण और सम्मान से जुड़े मामलों में सरकार तथा संबंधित संस्थाओं से सकारात्मक पहल करने की अपील की।

पत्रकारों को मिला सम्मान

समारोह में मेट्रो मीडिया के संपादक अरशद फरीदी समेत रत्नेश मिश्रा, किशोर मालवीय, मृगांक प्रभाकर, विजय मोहन, शम्स तबरेज कासमी, कृष्ण देव पाठक, ललित भसोढ़, दृष्टि गुप्ता, आगा जिलानी और अर्चना तिवारी को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और अतिथियों के स्वागत से हुई। इस अवसर पर राष्ट्रीय प्रेस दिवस की विशेष स्मारिका का विमोचन भी किया गया। मंच संचालन संजीव उपाध्याय ने किया और कौडले चन्नप्पा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *