शुभकांत फाउंडेशन की यूथ पार्लियामेंट 2026 में 300 से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया। दो दिवसीय आयोजन में लोकतंत्र और महिला आरक्षण पर चर्चा हुई
नई दिल्ली के एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में ‘नव निर्माण-ए-भारत यूथ पार्लियामेंट 2026’ का आयोजन किया गया। शुभकांत फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम में 300 से अधिक विद्यार्थियों और युवा प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। 16 और 17 नवंबर को हो रहे इस आयोजन में युवाओं को संसदीय व्यवस्था, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों को समझने का अवसर मिल रहा है।
कार्यक्रम का मुख्य विषय विधायिकाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण के प्रावधान का क्रियान्वयन है। इसके तहत युवा प्रतिभागी परिसीमन, समान प्रतिनिधित्व और राजनीति में महिलाओं की भागीदारी जैसे विषयों पर चर्चा कर रहे हैं।
युवाओं को संसदीय प्रक्रिया समझने का अवसर
यूथ पार्लियामेंट के माध्यम से प्रतिभागियों को संसद की कार्यप्रणाली और बहस की प्रक्रिया से परिचित कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करना और उन्हें राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर जिम्मेदारी के साथ अपनी राय रखने के लिए प्रोत्साहित करना है।
आयोजन का नेतृत्व शुभकांत फाउंडेशन की संस्थापक एवं अध्यक्ष विधि रंगा, उपाध्यक्ष सृजाता घोष, महासचिव प्रज्ञा सिंह और संयुक्त सचिव अंशज सहगल कर रहे हैं।
मनोज तिवारी ने भेजा वीडियो संदेश
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर आमंत्रित उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी व्यक्तिगत कारणों से कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने वीडियो संदेश के जरिए प्रतिभागियों को संबोधित किया और अपनी अनुपस्थिति पर खेद जताया।
संदेश में उन्होंने कहा कि संसद नियमों के अनुसार चलती है। उन्होंने युवाओं को संसदीय नियमों, सदन में बोलने की प्रक्रिया और सदन के नेता तथा विपक्ष के नेता की भूमिका समझने की सलाह दी।
17 नवंबर तक जारी रहेगा आयोजन
कार्यक्रम का समापन 17 नवंबर को होगा। दूसरे दिन भी युवा प्रतिभागी संसदीय बहस और विचार-विमर्श में शामिल होंगे। फाउंडेशन के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य युवाओं में जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति उनकी समझ बढ़ाना है।
