Oscar 2026 nominations जारी होते ही चर्चा तेज। ‘Sinners’ ने 16 नॉमिनेशन के साथ मचाया तहलका, ‘Homebound’ और ‘Wicked: For Good’ रेस से बाहर। जानिए पूरी नॉमिनेशन लिस्ट, सरप्राइज और ऑस्कर 2026 की तारीख।
98वें एकेडमी अवॉर्ड्स की नॉमिनेशन लिस्ट सामने आते ही फिल्म इंडस्ट्री और दर्शकों के बीच हलचल तेज हो गई है। जहां एक ओर कुछ फिल्मों ने रिकॉर्ड तोड़ नॉमिनेशन हासिल कर ऑस्कर रेस में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई, वहीं कई ऐसी बहुप्रतीक्षित फिल्में भी रहीं, जिन्हें इस साल निराशा हाथ लगी।
सबसे ज्यादा चर्चा में रही अमेरिकन सुपरनैचुरल हॉरर फिल्म ‘सिनर्स’ (Sinners), जिसने अकेले दम पर 16 कैटेगरी में नॉमिनेशन हासिल कर इतिहास रच दिया। वहीं, करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शन की फिल्म ‘होमबाउंड’ बेस्ट फीचर फिल्म की रेस में जगह बनाने से चूक गई।
‘Sinners’ का दबदबा, 16 नॉमिनेशन के साथ बनाई मजबूत बढ़त
साल 2025 में रिलीज हुई रायन कूगलर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘सिनर्स’ इस साल की सबसे बड़ी ऑस्कर कंटेंडर बनकर उभरी है। मिशेल बी. जॉर्डन की डबल रोल वाली यह फिल्म ट्विन ब्रदर्स की कहानी पर आधारित है, जिसे दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली।
फिल्म को बेस्ट पिक्चर, बेस्ट डायरेक्टर, बेस्ट एक्टर, बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर-एक्ट्रेस और बेस्ट ओरिजिनल स्क्रीनप्ले समेत कुल 16 नॉमिनेशन मिले हैं। खास बात यह रही कि 73 वर्षीय अभिनेता डेलरॉय लिंडो को उनके करियर का पहला ऑस्कर नॉमिनेशन मिला, जिसने सभी को चौंका दिया।
‘Wicked: For Good’ की अनदेखी ने बढ़ाई हैरानी
एरियाना ग्रांडे और सिंथिया एरिवो स्टारर म्यूजिकल फैंटेसी फिल्म ‘Wicked: For Good’ को इस बार नॉमिनेशन लिस्ट में जगह नहीं मिल सकी। फिल्म का पहला पार्ट 2024 में 10 नॉमिनेशन हासिल कर चुका था, ऐसे में इसके सीक्वल का पूरी तरह बाहर होना कई लोगों के लिए बड़ा सरप्राइज साबित हुआ।
केट हडसन और ‘Song Sung Blue’ को मिली राहत
बायोग्राफिकल म्यूजिकल ड्रामा ‘Song Sung Blue’ ने भले ही ज्यादा कैटेगरी में एंट्री न ली हो, लेकिन फिल्म की लीड एक्ट्रेस केट हडसन को बेस्ट एक्ट्रेस कैटेगरी में नॉमिनेशन मिला है। यह उनके 25 साल के करियर का दूसरा ऑस्कर नॉमिनेशन है। फिल्म नील डायमंड के ट्रिब्यूट बैंड की कहानी पर आधारित है।
‘Hamnet’ को मिले 8 नॉमिनेशन फिर भी निराशा
पॉल मेस्कल स्टारर ‘Hamnet’ को इस साल कुल 8 नॉमिनेशन मिले हैं। फिल्म को बेस्ट फिल्म, डायरेक्शन, एक्ट्रेस, सिनेमैटोग्राफी और प्रोडक्शन डिजाइन जैसी कैटेगरी में पहचान मिली। हालांकि, खुद पॉल मेस्कल को बेस्ट एक्टर की लिस्ट में जगह न मिलने से उनके फैंस खासे निराश नजर आए।
एले फैनिंग के करियर का पहला ऑस्कर नॉमिनेशन
जोआचिम ट्रायर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘Sentimental Value’ इस बार 9 नॉमिनेशन के साथ मजबूत स्थिति में है। खास बात यह रही कि फिल्म की एक्ट्रेस एले फैनिंग को उनके करियर का पहला ऑस्कर नॉमिनेशन मिला। फिल्म पहले ही कान फिल्म फेस्टिवल 2025 में सराहना बटोर चुकी है।
‘One Battle After Another’ को 13 नॉमिनेशन लेकिन फैंस नाराज
फिल्म ‘One Battle After Another’ ने 13 नॉमिनेशन के साथ अपनी मौजूदगी दर्ज कराई, लेकिन फैंस इस बात से खफा हैं कि दमदार परफॉर्मेंस के बावजूद एक्टर चेस इनफिनिटी को एक भी नॉमिनेशन नहीं मिला।
कब और कहां होगा ऑस्कर 2026?
98वें एकेडमी अवॉर्ड्स का आयोजन 16 मार्च 2026 को लॉस एंजिल्स के डॉल्बी थिएटर में किया जाएगा। इस बार शो की मेजबानी मशहूर कॉमेडियन कोनन ओ’ब्रायन करेंगे। भारतीय दर्शक इस भव्य समारोह को Jio Hotstar पर लाइव देख सकेंगे।
