Border 2 Review: पहले शो से ही छाया देशभक्ति का जादू, दर्शकों ने किया फिल्म को सलाम

Border 2 Review: पहले शो से ही छाया देशभक्ति का जादू, दर्शकों ने किया फिल्म को सलाम

पहले शो के बाद सामने आया दर्शकों का रिएक्शन। जानें क्यों सनी देओल फिर बने फैंस की पहली पसंद और कैसे वरुण धवन ने ट्रोल्स को दिया जवाब

लंबे इंतज़ार के बाद आखिरकार वॉर ड्रामा फिल्म ‘बॉर्डर 2’ सिनेमाघरों में रिलीज़ हो चुकी है। गणतंत्र दिवस से ठीक तीन दिन पहले आई इस फिल्म ने पहले ही दिन दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया। सनी देओल, दिलजीत दोसांझ, वरुण धवन और अहान शेट्टी स्टारर इस मल्टीस्टारर फिल्म को लेकर क्रेज़ का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई शहरों में इसका पहला शो सुबह 8 बजे रखा गया।

ठंड और बारिश के बावजूद देशभक्ति के रंग में डूबीइस फिल्म को देखने के लिए सुबह-सुबह सिनेमाघरों के बाहर भीड़ नजर आई। पहले शो के बाद सामने आए दर्शकों के रिएक्शन से साफ है कि फिल्म ने इमोशन और जोश के स्तर पर लोगों को काफी हद तक प्रभावित किया है।

पहले शो के बाद क्या बोले दर्शक?

फिल्म देखने के बाद सोशल मीडिया पर रिव्यू की बाढ़ आ गई है। कई दर्शकों ने ‘बॉर्डर 2’ को क्लासिक फिल्म का दमदार सीक्वल बताया है। एक यूजर ने लिखा कि यह फिल्म इमोशन, एक्शन और ड्रामा का संतुलित मिश्रण है, जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखती है।

वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि फिल्म का पहला हिस्सा कहानी को सेट करने में थोड़ा वक्त लेता है, लेकिन इंटरवल के बाद कहानी पूरी तरह रफ्तार पकड़ लेती है। युद्ध के सीन और सनी देओल के संवादों को फिल्म का हाई पॉइंट बताया जा रहा है।

सनी देओल के डायलॉग्स फिर बने ताकत

दर्शकों की प्रतिक्रियाओं में एक बात कॉमन रही-सनी देओल के डायलॉग्स। कई लोगों ने कहा कि जोश और दमदार संवादों के मामले में सनी देओल का कोई मुकाबला नहीं है। उनके सीन आते ही थिएटर में तालियों और सीटियों की आवाज़ गूंज उठी।

वरुण धवन को मिली राहत, ट्रोलिंग का जवाब

ट्रेलर रिलीज़ के समय वरुण धवन को लेकर सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हुई थी, लेकिन फिल्म देखने के बाद वही दर्शक उनकी परफॉर्मेंस की तारीफ करते नजर आ रहे हैं। यूजर्स का कहना है कि वरुण ने अपने किरदार को गंभीरता और इमोशन के साथ निभाया है और वह फिल्म की देशभक्ति वाली भावना से पूरी तरह मेल खाते हैं। दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी की परफॉर्मेंस को भी दर्शकों ने सराहा है।

बॉक्स ऑफिस पर भी दिख रहा असर

रिलीज़ से पहले ही ‘बॉर्डर 2’ एडवांस बुकिंग में अच्छी कमाई कर चुकी है। ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म पहले ही कई फिल्मों को पीछे छोड़ चुकी है। उम्मीद जताई जा रही है कि ओपनिंग डे पर यह फिल्म 30 से 35 करोड़ रुपये तक का कारोबार कर सकती है और पहले दिन के कई रिकॉर्ड तोड़ सकती है।

शुरुआती रिएक्शन से यही संकेत मिलते हैं कि ‘बॉर्डर 2’ ने दर्शकों के दिलों में देशभक्ति, गर्व और इमोशन का असर छोड़ा है। गणतंत्र दिवस से पहले रिलीज़ होकर यह फिल्म सिनेमाघरों में राष्ट्रभक्ति का माहौल बनाने में कामयाब होती दिख रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *