नई दिल्ली: जब दुनिया भर में फुटबॉल का खुमार चरम पर है, वहीं भारत के करोड़ों फैंस अब भी इस इंतज़ार में हैं कि क्या वे FIFA World Cup 2026 का लाइव प्रसारण देख पाएंगे या नहीं ? 11 जून से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट का प्रसारण 175 से अधिक देशों में होगा, लेकिन दुनिया की सबसे बड़ी आबादी वाले भारत में अब तक कोई आधिकारिक ब्रॉडकास्ट डील नहीं हो सकी है।
क्या है पूरा मामला?
इस पूरे मामले की जड़ में है पैसा। FIFA ने 2026 और 2030 दोनों विश्व कपों के लिए भारत में ब्राडकास्टिंग राइट्स जुलाई 2025 में बेचने शुरू किए। शुरुआत में FIFA ने दोनों टूर्नामेंट के लिए मिलाकर करीब 100 मिलियन डॉलर (लगभग ₹830 करोड़) की माँग रखी।
रिलायंस और डिज़्नी के संयुक्त उपक्रम JioHotStar ने इसके जवाब में सिर्फ 2 करोड़ डॉलर (₹166 करोड़) की बोली लगाई — जिसे FIFA ने ठुकरा दिया। इसके बाद FIFA ने अपना दाम घटाकर 3.5 करोड़ डॉलर तक लाये, लेकिन JioHotStar अभी भी 2.5 करोड़ डॉलर से ज़्यादा देने को तैयार नहीं है।
यह बात गौर करने वाली है कि 2022 के विश्व कप के लिए Viacom18 (जो अब JioStar का हिस्सा है) ने 6.2 करोड़ डॉलर चुकाए थे। यानी अब ब्रॉडकास्टर आधे से भी कम में डील करना चाहते हैं, और FIFA इसके लिए राज़ी नहीं।
ब्रॉडकास्टर्स पीछे क्यों हट रहे हैं?
- मैच का समय रात 12 बजे से सुबह 6:30 बजे IST के बीच होगा — जो भारतीय दर्शकों के लिए बेहद असुविधाजनक है। इससे TRP और विज्ञापन आय दोनों कम होती है।
- भारत में क्रिकेट का दबदबा है। IPL के सीज़न में फुटबॉल के लिए स्पॉन्सर जुटाना मुश्किल होता है।
- फुटबॉल में ब्रेक कम होते हैं, इसलिए विज्ञापन की जगह भी सीमित रहती है।
- भारतीय राष्ट्रीय टीम World Cup में नहीं है, तो दर्शकों की भावनात्मक जुड़ाव कम होती है।
- Sony ने बातचीत के बावजूद कोई औपचारिक बोली नहीं लगाई।
आखिरी उम्मीद की किरण दूरदर्शन
अगर JioHotStar और FIFA के बीच डील नहीं होती तो एक रास्ता है – दूरदर्शन (DD Sports)। यह कोई नई बात नहीं है। 2023 में जब महिला फीफा विश्व कप के लिए कोई निजी प्रसारणकर्ता तैयार नहीं हुआ, तब Prasar Bharati ने अमेरिकी कंपनी 1Stadia से सब-लाइसेंसिंग डील करके DD Sports पर पूरे 64 मैच दिखाए थे।
भारत में Sports Broadcasting Signals Act के तहत राष्ट्रीय महत्व के इवेंट्स के सेमीफाइनल और फाइनल मैच Doordarshan के साथ साझा करने अनिवार्य हैं चाहे अधिकार किसी भी निजी ब्रॉडकास्टर के पास हों। यानी कम से कम सेमीफाइनल और फाइनल DD Sports पर ज़रूर आएंगे।
भारत और चीन — दो सबसे बड़ी अनुपस्थिति
अजब संयोग है कि दुनिया की दो सबसे बड़ी आबादी वाले देश, (भारत और चीन) दोनों ही अभी तक Fifa World cup 2026 के लिए ब्रॉडकास्ट डील से वंचित हैं। चीन में CCTV ने FIFA की 12-15 करोड़ डॉलर की माँग को अस्वीकार कर दिया। 2022 के विश्व कप में चीनी दर्शकों ने डिजिटल और सोशल प्लेटफॉर्म पर कुल देखने के घंटों में लगभग आधे घंटे का योगदान दिया था। यह आँकड़ा बताता है कि FIFA के लिए यह बाज़ार कितना अहम है।
अगर डील नहीं हुई तो क्या होगा?
- DD Sports / DD Free Dish पर फ्री-टू-एयर प्रसारण — खासकर सेमीफाइनल और फाइनल के लिए।
- FIFA की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप पर लिमिटेड कवरेज (हाइलाइट्स, क्लिप्स)।
- सोशल मीडिया पर शॉर्ट क्लिप और क्रिएटर कंटेंट — पर लाइव मैच नहीं।
- VPN के ज़रिए विदेशी स्ट्रीम — जो अविश्वसनीय और अक्सर निम्न गुणवत्ता की होती हैं।
विश्व का सबसे बड़ा खेल महोत्सव 11 जून से शुरू होने में बस कुछ ही हफ्ते बाकी हैं। भारत में डील अभी तक नहीं हुई, लेकिन उम्मीद पूरी तरह खत्म भी नहीं है। JioHotStar और FIFA के बीच कोई बीच का रास्ता निकल सकता है — या Doordarshan एक बार फिर करोड़ों दर्शकों की आवाज़ बन सकता है।
Amulya Shrivastav is a journalist who loves cricket and enjoys telling stories around it. Her interest in the sport is what led her to choose journalism as a career. She holds a Master’s degree in Journalism and writes mainly on sports, while also exploring topics like politics, health, tech, and lifestyle. Her work focuses on simple, engaging storytelling that connects with readers.
