नई दिल्ली: हाल में हुए भीषण हादसे ने मालवीय नगर की कॉर्नर मार्केट में अवैध होटल और गेस्ट हाउसों को लेकर व्यक्त की गई पुरानी आशंकाओं को सही ठहरा दिया है। वरिष्ठ पत्रकार और पूर्व दक्षिणी दिल्ली ब्यूरो प्रमुख राकेश कुमार सिंह ने वर्षों पहले ही सुरक्षा खामियों और प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करते हुए चेतावनी दी थी।
राकेश कुमार सिंह ने बताया कि जब उनका कार्यालय कॉर्नर मार्केट, मालवीय नगर में स्थित था, तब उन्होंने क्षेत्र में संचालित अवैध होटल एवं गेस्ट हाउसों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किए थे। उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि नियमों का पालन नहीं कराया गया तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
दुर्भाग्यपूर्ण रूप से हाल में हुए भीषण अग्निकांड में 21 लोगों की मौत ने उन आशंकाओं को वास्तविकता में बदल दिया। इस हादसे ने एक बार फिर अवैध निर्माण, सुरक्षा नियमों की अनदेखी और प्रशासनिक उदासीनता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं।
राकेश कुमार सिंह ने कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की गई होती, तो शायद कई परिवार आज इस त्रासदी से बच सकते थे। उन्होंने मृतकों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और प्रशासन को समय रहते सचेत करना भी उसका महत्वपूर्ण दायित्व है।
उन्होंने मांग की कि इस हादसे की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए तथा राजधानी में संचालित सभी होटल, गेस्ट हाउस और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सुरक्षा मानकों की व्यापक समीक्षा की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
