दिल्ली में अब मिलेगा बिहार का असली जायका, बिहार भवन कैंटीन का हुआ उद्घाटन

दिल्ली में अब मिलेगा बिहार का असली जायका, बिहार भवन कैंटीन का हुआ उद्घाटन

नई दिल्ली: अगर आप दिल्ली में बिहार के पारंपरिक व्यंजनों का असली स्वाद तलाश रहे हैं, तो अब आपकी खोज खत्म हो सकती है। नई दिल्ली स्थित बिहार भवन में नई बिहार भवन कैंटीन का उद्घाटन किया गया है, जहां लिट्टी-चोखा, सत्तू और अन्य प्रसिद्ध बिहारी व्यंजनों का स्वाद मिलेगा। इस पहल का उद्देश्य राजधानी में बिहार की समृद्ध खान-पान संस्कृति को नई पहचान देना और प्रवासी बिहारियों के साथ-साथ सभी फूड लवर्स को घर जैसा स्वाद उपलब्ध कराना है।

मंगलवार को बिहार भवन के स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार सिंह ने नई बिहार भवन कैंटीन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बिहार भवन के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

उन्होंने कहा कि बिहार भवन लंबे समय से राज्य की संस्कृति और परंपराओं का प्रतिनिधित्व करता आया है। नई कैंटीन के जरिए बिहार के पारंपरिक खान-पान को राष्ट्रीय राजधानी में नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इससे बिहार के व्यंजनों को देशभर के लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

कैंटीन के मेन्यू में लिट्टी-चोखा, सत्तू से बने व्यंजन, दाल-भात, कढ़ी-भात, मौसमी सब्जियां और अन्य पारंपरिक बिहारी पकवान शामिल हैं। यहां हर आगंतुक को बिहार के घर जैसा स्वाद देने का प्रयास किया गया है।

बिहार भवन कैंटीन का समय इस तरह निर्धारित किया गया है कि आगंतुक दिनभर अपनी सुविधा के अनुसार यहां भोजन कर सकें। कैंटीन में सुबह 8:00 बजे से 10:00 बजे तक नाश्ता उपलब्ध रहेगा, जबकि दोपहर 12:00 बजे से रात 10:00 बजे तक लंच और डिनर परोसा जाएगा। इस दौरान बिहार के प्रसिद्ध पारंपरिक व्यंजन लोगों के लिए उपलब्ध रहेंगे।

नई बिहार भवन कैंटीन केवल स्वादिष्ट भोजन परोसने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि बिहार की समृद्ध संस्कृति और पारंपरिक खान-पान को राष्ट्रीय राजधानी के माध्यम से देशभर के लोगों तक पहुंचाने का भी काम करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *