प्लेऑफ की रेस में कमजोर पड़ी CSK की उम्मीदें

प्लेऑफ की रेस में कमजोर पड़ी CSK की उम्मीदें

नई दिल्ली: CSK के पास दो मैच पहले अच्छा मौका था कि लखनऊ और हैदराबाद से मैच जीतकर अपनी प्लेऑफ में जगह पक्की कर सकती थी, लेकिन चेन्नई ने अपने पिछले दोनों मैच गंवा दिए। जिसके बाद अब CSK लगभग प्लेऑफ से बाहर होने की कगार पर है। उनका आखिरी मैच आज गुजरात टाइटंस के साथ, उनके ही घर अहमदाबाद में होना है।

बड़ी जीत से ही बची रह सकती है उम्मीद

CSK को अगर अपनी बची-खुची उम्मीदों को बचाए रखना है, तो पहले गुजरात से जीत ही नहीं, बल्कि एक बड़ी जीत की भी जरूरत होगी। साथ ही प्लेऑफ की रेस में चल रही केकेआर, पंजाब और राजस्थान की टीमों को अपने बचे हुए मैच हारने होंगे, तब जाकर सीएसके के लिए मौका बन सकता है। हालांकि, इसकी उम्मीदें कम ही नजर आ रही हैं।

दूसरे मैचों के नतीजों पर टिकी रहेगी नजर

वहीं पंजाब का मैच लखनऊ से है। राजस्थान का मुकाबला मुंबई से और कोलकाता का सामना दिल्ली की टीम से होगा। प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी मुंबई और लखनऊ की टीम अगर पंजाब और राजस्थान को हराती हैं, तो उसका सीधा फायदा चेन्नई को होगा। वहीं, दिल्ली अगर कोलकाता को एक करीबी मुकाबले में हराती है, तो यह भी सीएसके के फेवर में जाएगा।

गुजरात के साथ CSK का इतिहास भी रहा है बराबरी का

शुभमन गिल की गुजरात टाइटंस पहले ही प्लेऑफ में जगह बना चुकी है, इसलिए वह अपना मैच बेखौफ होकर खेलेगी। अब तक सीएसके और गुजरात के बीच करीबी मुकाबले हुए हैं, जिनमें 9 मैचों में से 5 गुजरात और 4 चेन्नई ने जीते हैं। इस सीजन दोनों टीमें दूसरी बार आमने-सामने होंगी। इससे पहले इसी सीजन चेन्नई में खेले गए मैच में गुजरात ने सीएसके को 8 विकेट से हराया था।

दोनों टीमों की संभावित XI

चेन्नई सुपर किंग्स — संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), उर्विल पटेल, कार्तिक शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, प्रशांत वीर, अकील हुसैन, नूर अहमद, स्पेंसर जॉनसन, अंशुल कंबोज और इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर मुकेश चौधरी खेल सकते हैं।

गुजरात टाइटंस — साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), निशांत सिंधु, वाशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर राहुल तेवतिया या ग्लेन फिलिप्स खेल सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *