दिल्ली के हंसराज कॉलेज में मातृभाषा डॉट कॉम के 10 साल पूरे होने पर समारोह हुआ। हिंदी और भारतीय भाषाओं के प्रचार में योगदान देने वाली 15 हस्तियां सम्मानित हुईं
नई दिल्ली: हिंदी और भारतीय भाषाओं के प्रचार-प्रसार में योगदान देने वाली 15 प्रमुख हस्तियों को ‘भाषा सारथी सम्मान’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान मातृभाषा डॉट कॉम के दस वर्ष पूरे होने पर दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज में आयोजित दशक उत्सव समारोह के दौरान प्रदान किए गए।
मातृभाषा उन्नयन संस्थान की दिल्ली इकाई की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा, साहित्य, पत्रकारिता, प्रसारण, मीडिया और कानून से जुड़े प्रतिष्ठित लोगों ने हिस्सा लिया। समारोह की अध्यक्षता प्रो. (डॉ.) रमा शर्मा ने की। प्रो. (डॉ.) के. जी. सुरेश मुख्य अतिथि और प्रो. (डॉ.) पूरनचंद टंडन सारस्वत अतिथि के रूप में शामिल हुए।
मंच की दस वर्षों की यात्रा पर बात करते हुए सह-संपादक भावना शर्मा ने बताया कि मातृभाषा डॉट कॉम से अब तक 10 हजार से अधिक रचनाकार जुड़ चुके हैं। इसके पाठकों की संख्या 50 लाख से अधिक हो गई है, जबकि वेबसाइट पर 50 हजार से ज्यादा वेब पेज मौजूद हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय भाषाओं को संरक्षित और प्रोत्साहित करना केवल साहित्यकारों का काम नहीं है। इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है।
कार्यक्रम में प्रो. पूरनचंद टंडन ने हिंदी भाषा की समृद्धि के लिए अन्य भारतीय भाषाओं से बेहतर संवाद स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय भाषाओं के बीच मजबूत संबंध हिंदी के विकास को भी नई दिशा दे सकते हैं।
प्रो. के. जी. सुरेश ने अपने संबोधन में कहा कि नई पीढ़ी में भाषा और सांस्कृतिक पहचान को लेकर जागरूकता बढ़ रही है। उन्होंने इसे समाज में आ रहे सकारात्मक बदलाव का संकेत बताया।
प्रो. रमा शर्मा ने मातृभाषा डॉट कॉम की दस साल की यात्रा की सराहना करते हुए संस्थान को आगे भी साहित्य और भाषा के क्षेत्र में काम जारी रखने के लिए शुभकामनाएं दीं।
‘भाषा सारथी सम्मान’ पाने वालों में प्रो. सदानंद पांडे, राम अवतार बैरवा, प्रो. हरीश अरोड़ा, डॉ. विजय कुमार मिश्र, डॉ. सुशील द्विवेदी, डॉ. आरती, ओम प्रकाश प्रजापति, सोनल दहिया, डॉ. दलजीत सचदेवा, वागीश शर्मा, सुनील जैन राही, ओम प्रकाश सपरा, मनोज कामदेव, डॉ. विवेक गौतम और शकील अहमद सैफ शामिल रहे।
सम्मानित लोगों ने डिजिटल मंच पर हिंदी साहित्य को आगे बढ़ाने के लिए मातृभाषा डॉट कॉम के प्रयासों की प्रशंसा की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कामना मिश्रा ने किया और सुरभि सप्रू ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
