IITF 2026 में MoEFCC के पांच इंटरैक्टिव गेम्स के जरिए बच्चों और युवाओं को ई-वेस्ट मैनेजमेंट, पानी बचाने और ग्रीन लाइफस्टाइल की जानकारी दी जा रही
नई दिल्ली: इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने एक खास पहल की है। मंत्रालय के मंडप में पांच इंटरैक्टिव गेम्स के जरिए बच्चों, युवाओं और अन्य आगंतुकों को पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
मंत्रालय की ये गतिविधियां मिशन लाइफ (Lifestyle for Environment) के तहत आयोजित की जा रही हैं। 26 नवंबर को मंडप में डिजिटल गेम्स और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
ई-वेस्ट से लेकर साइकिल चलाने तक की जानकारी
मंडप में मौजूद पांच गेम्स अलग-अलग पर्यावरणीय मुद्दों पर केंद्रित हैं।
- ई-वेस्ट हंट: इस गेम में पुराने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की पहचान, मरम्मत, दोबारा इस्तेमाल और अधिकृत केंद्रों पर रिसाइक्लिंग के बारे में बताया जाता है।
- इको स्प्रिंट: यह डिजिटल गेम पर्यावरण के अनुकूल विकल्पों को समझने में मदद करता है।
- पेडल फॉर ए ग्रीन प्लैनेट: इसमें साइकिल चलाने के जरिए कार्बन उत्सर्जन कम करने का संदेश दिया जाता है।
- लाइफ क्विज टू कमिटमेंट: आगंतुक पर्यावरण से जुड़े सवालों के जवाब देकर मोबाइल पर प्रमाणपत्र प्राप्त कर सकते हैं।
- पर्यावरण अनुकूल व्यवहार से जुड़े गेम्स: इनके माध्यम से अस्पतालों और सार्वजनिक परिवहन में जिम्मेदार आदतों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
इन गतिविधियों में कचरे को अलग-अलग रखना, पानी बचाना, बिजली का सही इस्तेमाल करना और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प चुनना सिखाया जा रहा है।
एक पेड़ मां के नाम अभियान भी शामिल
मंत्रालय के मंडप में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की जानकारी भी दी जा रही है। इस अभियान के तहत लोगों को अपनी मां के नाम पर पेड़ लगाने और उसके संरक्षण के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।
इसके अलावा, ‘प्रो-प्लैनेट फ्लिप बुक’ के जरिए आगंतुकों को टिकाऊ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े उपाय समझाए जा रहे हैं।

मिशन लाइफ के सात विषयों पर जोर
मिशन लाइफ के तहत बिजली और पानी बचाने, कचरा कम करने, ई-कचरे का प्रबंधन, सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने, टिकाऊ खाद्य आदतें अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने पर ध्यान दिया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवंबर 2021 में ग्लासगो में आयोजित COP26 सम्मेलन के दौरान मिशन लाइफ की परिकल्पना प्रस्तुत की थी। यह भारत की पहल पर शुरू किया गया वैश्विक जन आंदोलन है, जिसका उद्देश्य लोगों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनाना और रोजमर्रा की आदतों में सकारात्मक बदलाव लाना है।
