खरगोन के नेमित गांव में 28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों की मिट्टी से क्लाइमेट सत्याग्रह आश्रम की आधारशिला रखी गई
खरगोन: देश के अलग-अलग हिस्सों की मिट्टी को एक साथ जोड़कर मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के नेमित गांव में क्लाइमेट सत्याग्रह आश्रम की नींव रखी गई। ‘एक मुट्ठी माटी’ अभियान के तहत देश के 28 राज्यों और 8 केंद्रशासित प्रदेशों से एकत्रित मिट्टी को आश्रम की आधारशिला में समर्पित किया गया।
एनर्जी स्वराज फाउंडेशन की ओर से आयोजित भूमि पूजन और शिलान्यास समारोह में 850 से अधिक लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में संत पूजनीय श्री प्रभुजी नागर महाराज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस ऐतिहासिक आयोजन में 11 राज्यों से 16 माटी दूत भी पहुंचे। इनमें कश्मीर के अब्दुल राशिद, कन्याकुमारी के डॉ. किशोर और पश्चिम बंगाल की श्रीमती अर्चा शामिल थीं।
देशभर की मिट्टी से हुआ भूमि पूजन
समारोह में पूजनीय श्री प्रभुजी नागर महाराज ने स्वयं भूमि पूजन में हिस्सा लिया। देश के अलग-अलग राज्यों से लाई गई मिट्टी के पूजन के बाद आश्रम की आधारशिला रखी गई। इस अवसर पर पीपल का पौधा भी लगाया गया।
आयोजकों के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य देशभर के लोगों को जलवायु संरक्षण के एक साझा प्रयास से जोड़ना है।

जलवायु परिवर्तन से लड़ने के लिए बदलनी होगी जीवनशैली
आईआईटी बॉम्बे के पूर्व प्रोफेसर और ऊर्जा स्वराज यात्रा के प्रणेता प्रो. चेतन सिंह सोलंकी ने कहा कि जलवायु परिवर्तन की जिम्मेदारी केवल सरकारों या संस्थाओं पर नहीं डाली जा सकती। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जीवनशैली और उपभोग की आदतों पर विचार करना होगा।
उन्होंने कहा कि धरती के संसाधन सीमित हैं और इसी के अनुसार मनुष्य का उपभोग भी सीमित होना चाहिए। क्लाइमेट सत्याग्रह आश्रम इसी विचार को सीखने, अपनाने और दुनिया तक पहुंचाने का केंद्र बनेगा।
संत प्रभुजी नागर महाराज ने दिया आत्मचिंतन का संदेश
समारोह में प्रभुजी नागर महाराज ने कहा, “त्रेतायुग में रावण खलनायक था, द्वापरयुग में कंस खलनायक था, लेकिन कलियुग में हमारा ‘मैं’ ही खलनायक है।”
उन्होंने नेमित गांव का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां की मिट्टी पूरी दुनिया में क्लाइमेट सत्याग्रह का संदेश पहुंचाने का माध्यम बन रही है।

पर्यावरण अनुकूल आयोजन की मिसाल
कार्यक्रम में 850 से अधिक लोगों की मौजूदगी के बावजूद आयोजकों के अनुसार प्लास्टिक कचरा 200 ग्राम से अधिक नहीं हुआ। इसके लिए पुनः उपयोग योग्य बर्तनों और सामग्रियों का इस्तेमाल किया गया और एकल उपयोग वाले प्लास्टिक से बचा गया।
इसी दिन ऊर्जा स्वराज यात्रा ने छह साल पूरे कर सातवें वर्ष में प्रवेश किया। इस यात्रा के अनुभवों से प्रेरित होकर आश्रम को सीमित जीवनशैली की प्रयोगशाला के रूप में विकसित करने की योजना है।
