नई दिल्ली बीसीसीआई के लिए पूर्व कप्तान रोहित शर्मा की फिटनेस की चिंता बढ़ रही है। आईपीएल 2026 के दौरान हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते उन्हें तीन हफ्ते मैदान से बाहर रहना पड़ा था। वहीं, उन्होंने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिपोर्ट नहीं किया, जिससे अब बोर्ड और टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ गई है। 2027 का वर्ल्ड कप, जो साउथ अफ्रीका में होने जा रहा है, उसके लिए एक बैकअप ओपनर को तैयार करने की जिम्मेदारी भी रहेगी।
क्या ODI क्रिकेट के लिए तैयार हैं रोहित शर्मा?
अगले महीने होने जा रही अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की ODI सीरीज में रोहित शर्मा को चुना गया है, लेकिन उनका खेलना या न खेलना उनकी फिटनेस पर निर्भर करता है। वहीं, इस IPL 2026 में वह इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेल रहे थे, जिसमें उन्होंने ज्यादा फील्डिंग नहीं की। अब देखना होगा कि रोहित शर्मा एकदिवसीय क्रिकेट में किस तरह से खुद को तैयार करते हैं।
यह भी पढ़े: चिलचिलाती धूप के बीच दिल्ली में ट्रैफिक पुलिस को बड़ी राहत, मिले AC वाले हेलमेट…
वापसी के भी दिए हैं संकेत
IPL 2026 में उन्होंने 9 मैचों में 35.38 की औसत से 283 रन बनाए, जिसमें 2 अर्धशतक भी शामिल हैं। इंजरी के बाद भी उन्होंने बीच-बीच में वापसी के अच्छे संकेत दिए हैं। मुंबई इंडियंस की टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है और 24 मई को उन्होंने अपना इस सीजन का आखिरी मैच खेला था। अब रोहित शर्मा के पास अपनी फिटनेस पर काम करने का भरपूर मौका रहेगा।
3 रन बनाते ही जैक्स को छोड़ देंगे पीछे
अगर रोहित शर्मा का ODI रिकॉर्ड देखें तो वह काफी शानदार रहा है । उन्होंने 274 पारियों में 48.84 की औसत से 11,577 रन बनाए हैं, जिसमें 33 शतक और 61 अर्धशतक शामिल हैं। 14 जून को अफगानिस्तान के खिलाफ पहला मैच धर्मशाला में खेला जाएगा, जहां उनके पास दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज क्रिकेटर जैक्स कैलिस को रनों के मामले में पीछे छोड़ने का मौका होगा। फिलहाल वह 3 रन दूर हैं इस कीर्तिमान को हासिल करते ही, ODI क्रिकेट में 8वें स्थान पर आ जाएंगे। अगर वह सीरीज में बड़े स्कोर करते हैं, तो उनके पास पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इंजमाम-उल-हक को भी पीछे छोड़ने का मौका होगा।
बैकअप ओपनर को लेकर भी हो रही है चर्चा
ओपनर के तौर पर यशस्वी जायसवाल को रोहित शर्मा का बैकअप माना जा रहा था, लेकिन अब ईशान किशन को बैकअप ओपनर के लिए देखा जा सकता है। टीम मैनेजमेंट भविष्य की संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखकर तैयारी कर रही है। अगर शुभमन गिल या यशस्वी जायसवाल में से कोई चोटिल होता है, तो एक बैकअप ओपनर के तौर पर विकल्प होना जरूरी है। इसे लेकर बोर्ड और टीम मैनेजमेंट पूरी तैयारी में है।
