IITF 2026: हेमंत सोरेन ने किया झारखंड पवेलियन का उद्घाटन

IITF 2026: हेमंत सोरेन ने किया झारखंड पवेलियन का उद्घाटन

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने IITF 2026 में झारखंड पवेलियन और पलाश मार्ट का उद्घाटन किया। यहां लोककला, हर्बल उत्पाद और महिला उद्यमियों के सामान प्रदर्शित

नई दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 में झारखंड अपनी सांस्कृतिक विरासत और ग्रामीण उद्यमिता को प्रदर्शित कर रहा है। 14 नवंबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के पवेलियन और झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के पलाश मार्ट का उद्घाटन किया।

उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने पवेलियन में लगे विभिन्न स्टॉलों का दौरा किया। उन्होंने महिला उद्यमियों और स्थानीय कारीगरों से मुलाकात कर उनके उत्पादों, निर्माण प्रक्रिया और व्यावसायिक गतिविधियों के बारे में जानकारी ली।

कार्यक्रम में उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार और उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

‘विकास और विरासत’ थीम पर सजा झारखंड पवेलियन

इस साल IITF की मुख्य थीम ‘विकास और विरासत’ है। झारखंड का पलाश मार्ट भी इसी थीम को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। हॉल नंबर 1 के प्रथम तल पर स्थित इस पवेलियन में स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण महिला उद्यमियों और स्थानीय कारीगरों के उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है।

यहां पारंपरिक हैंडलूम, आदिवासी आभूषण, हस्तनिर्मित वस्तुएं, जैविक सामग्री और हर्बल उत्पाद उपलब्ध हैं। प्राकृतिक तेल, साबुन और सौंदर्य उत्पाद भी मेले में आने वाले लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं।

मीनू रक्षित के हर्बल उत्पादों की भी प्रदर्शनी

पलाश मार्ट में उद्यमी मीनू रक्षित के हर्बल उत्पाद भी प्रदर्शित किए गए हैं। वह जमशेदपुर के तुर्केपुर, बिशिमपुर से आई हैं। उनके स्टॉल पर लगभग 20 किस्म के साबुन उपलब्ध हैं, जिन्हें उनके अनुसार नारियल और मावा तेल से बनाया जाता है।

मीनू ने बताया कि साबुन में प्राकृतिक खुशबू के लिए फूलों और पत्तियों का इस्तेमाल किया जाता है। इसके अलावा उनके स्टॉल पर बॉडी ऑयल, दर्द में इस्तेमाल होने वाला तेल, हल्दी, एलोवेरा और कुमकुम से बनी क्रीम तथा नीम और तुलसी आधारित उत्पाद भी मौजूद हैं।

उनके उत्पादों में चुकंदर पाउडर से तैयार लिप बाम भी शामिल है। मीनू पहले भी ट्रेड फेयर में हिस्सा ले चुकी हैं। उन्होंने बताया कि पुराने ग्राहकों में से कुछ लोग इस बार भी उनके स्टॉल पर खरीदारी के लिए पहुंचे हैं।

पलाश ब्रांड से महिला उद्यमियों को मिल रहा मंच

JSLPS ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए स्वयं सहायता समूहों के साथ काम करती है। संस्था उत्पाद निर्माण, ब्रांडिंग और मार्केटिंग में उद्यमियों की मदद करती है।

पलाश ब्रांड के जरिए ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को एक पहचान देने की कोशिश की जा रही है। IITF जैसे बड़े आयोजन इन उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने और नए बाजारों से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *