IITF 2026 में कृष्णा देवी की हस्तकला बनी बिहार पवेलियन की खास पहचान

IITF 2026 में कृष्णा देवी की हस्तकला बनी बिहार पवेलियन की खास पहचान

बिहार पवेलियन में कृष्णा देवी अपनी हस्तनिर्मित कलाकृतियां प्रदर्शित कर रही हैं। जानें कैसे उन्होंने हस्तशिल्प को रोजगार और पहचान का माध्यम बनाया

नई दिल्ली: भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF) 2026 में बिहार की महिला कारीगरों और उद्यमियों की प्रतिभा देखने को मिल रही है। भारत मंडपम के हॉल नंबर 2 में स्थित बिहार पवेलियन में कृष्णा देवी अपनी हस्तनिर्मित कलाकृतियां प्रदर्शित कर रही हैं। उन्होंने हस्तशिल्प को केवल कला तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे रोजगार और आजीविका का माध्यम भी बनाया है।

तुलसी सौंग सहिता समूह से जुड़ी कृष्णा देवी के उत्पादों की कीमत 35 रुपये से शुरू होकर 3.75 लाख रुपये तक जाती है। वह अपने पति के साथ मिलकर कलाकृतियां तैयार करती हैं। उनके उत्पाद अमेरिका सहित दूसरे देशों में भी भेजे जा चुके हैं।

चेन्नई में सीखा पेंटिंग और कलाकृतियों का हुनर

कृष्णा देवी ने चेन्नई में करीब 12 साल बिताए। इस दौरान उन्होंने पेंटिंग और कलाकृतियां बनाने का कौशल सीखा। वर्ष 2016 में वह जीविका समूह से जुड़ीं। इसके बाद उन्हें सरस मेले और अन्य प्रदर्शनियों में अपने उत्पाद प्रदर्शित करने के अवसर मिले।

लॉकडाउन के दौरान रोजगार पर असर पड़ा तो उन्होंने अपनी कला को आय का साधन बनाने पर ध्यान दिया। धीरे-धीरे उनके हस्तशिल्प उत्पादों को प्रदर्शनियों और नए बाजारों में जगह मिलने लगी।

IITF में मिल रहा नए ग्राहकों से जुड़ने का मौका

बिहार सरकार के उद्योग विभाग की ओर से आयोजित पवेलियन में कृष्णा देवी जैसे कारीगरों को अपने उत्पादों को बड़े मंच पर दिखाने का अवसर मिल रहा है। यहां पारंपरिक हस्तशिल्प के साथ आधुनिक डिजाइन वाले उत्पाद भी प्रदर्शित किए जा रहे हैं।

पवेलियन में पटना के उद्यमी गगन गौरव के डिजाइनर अरोमा कैंडल्स और कंचन प्रकाश की बज्जिका लोककला भी दर्शकों का ध्यान खींच रही है।

विरासत और रोजगार का संगम

IITF 2026 की थीम ‘विकास और विरासत’ के तहत बिहार पवेलियन राज्य की पारंपरिक कला और उद्यमिता को एक साथ प्रस्तुत कर रहा है। यह मंच महिला कारीगरों और छोटे उद्यमियों को नए ग्राहक, व्यावसायिक संपर्क और बाजार तक पहुंच बनाने का अवसर देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *