Oscars 2026: ‘One Battle After Another’ बनी बेस्ट पिक्चर, कई रिकॉर्ड के साथ यादगार रहा समारोह

Oscars 2026: ‘One Battle After Another’ बनी बेस्ट पिक्चर, कई रिकॉर्ड के साथ यादगार रहा समारोह

Oscars 2026 में फिल्मों और कलाकारों की शानदार जीत का जश्न देखने को मिला। जबकि कई कलाकारों ने रचा इतिहास

नई दिल्ली: फिल्मी दुनिया के सबसे बड़े मंचों में गिने जाने वाले 98वें ऑस्कर अवॉर्ड्स इस साल कई ऐतिहासिक और भावुक पलों के कारण खास बन गए। ग्लैमर से भरी इस शाम में फिल्मों और कलाकारों की उपलब्धियों का जश्न मनाया गया, वहीं कुछ जीतें ऐसी भी रहीं जिन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में नए रिकॉर्ड कायम किए।

‘One Battle After Another’ का रहा दबदबा

इस बार की सबसे बड़ी जीत फिल्म “One Battle After Another” के नाम रही। फिल्म को समारोह का सबसे बड़ा सम्मान बेस्ट पिक्चर मिला। निर्देशक पॉल थॉमस एंडरसन की इस फिल्म ने कुल छह ऑस्कर अपने नाम किए, जिनमें बेस्ट डायरेक्टर, सपोर्टिंग एक्टर, एडाप्टेड स्क्रीनप्ले और फिल्म एडिटिंग जैसी प्रमुख कैटेगरी शामिल रहीं।

समारोह के दौरान जब टीम ने मंच पर ट्रॉफी हासिल की, तो पूरे हॉल में तालियों की गूंज सुनाई दी। बाद में फिल्म की टीम ने अपनी जीत की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं, जो तेजी से वायरल हो गईं।

सिनेमैटोग्राफी में बना इतिहास

ऑस्कर 2026 का एक बड़ा और ऐतिहासिक पल तब सामने आया जब फिल्म “Sinners” के लिए ऑटम ड्यूराल्ड अर्कापॉ को बेस्ट सिनेमैटोग्राफी का अवॉर्ड दिया गया। वह इस कैटेगरी में ऑस्कर जीतने वाली पहली महिला और पहली महिला ऑफ कलर बन गई हैं।

उनकी इस उपलब्धि को फिल्म इंडस्ट्री में विविधता और प्रतिनिधित्व की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
फिल्म “Sinners” ने कुल चार अवॉर्ड जीते, जिनमें माइकल बी. जॉर्डन को मिला बेस्ट एक्टर का पुरस्कार भी शामिल है।

विजुअल इफेक्ट्स में ‘Avatar’ की चमक

विजुअल इफेक्ट्स की कैटेगरी में “Avatar: Fire and Ash” ने बाजी मारी। निर्देशक जेम्स कैमरन की इस फिल्म के शानदार विजुअल्स ने एक बार फिर दर्शकों और जजों को प्रभावित किया। अवॉर्ड मिलने के बाद फिल्म की टीम ने ट्रॉफी के साथ अपनी खुशी जाहिर करते हुए तस्वीरें साझा की है।

डॉक्यूमेंट्री और साउंड में भी खास जीत

बेस्ट डॉक्यूमेंट्री फीचर का अवॉर्ड फिल्म “Mr. Nobody Against Putin” को मिला। यह डॉक्यूमेंट्री रूस में बच्चों पर युद्ध से जुड़े विचारों के प्रभाव को दिखाती है। फिल्म के सह-निर्देशक पावेल तलांकिन ने मंच पर यह पुरस्कार स्वीकार किया।

वहीं साउंड डिजाइन की कैटेगरी में स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म “F1” ने जीत दर्ज की। फिल्म में रेसिंग ट्रैक के वास्तविक अनुभव को साउंड के जरिए बेहद प्रभावशाली ढंग से पेश किया गया था।

बेस्ट एक्ट्रेस बनीं जैस्सी बकले

एक्ट्रेस कैटेगरी में जैस्सी बकले ने फिल्म “Hamnet” के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का ऑस्कर जीता। 36 वर्षीय जैस्सी इस अवॉर्ड को जीतने वाली पहली आयरिश अभिनेत्री बन गई। मंच पर दिया गया उनका भावुक भाषण समारोह के यादगार पलों में शामिल रहा।

रेड कार्पेट पर सितारों की चमक

ऑस्कर समारोह के रेड कार्पेट पर भी सितारों की शानदार मौजूदगी देखने को मिली। बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा प्रेजेंटर के तौर पर समारोह में शामिल हुई और अपने पति निक जोनास के साथ नजर आई। प्रियंका ने व्हाइट ऑफ-शोल्डर गाउन में सभी का ध्यान खींचा, जबकि निक क्लासिक ब्लैक टक्सीडो में नजर आए।

सिनेमा के जश्न की शाम

Oscar 2026 ने न सिर्फ शानदार फिल्मों और कलाकारों को सम्मानित किया, बल्कि यह भी दिखाया कि सिनेमा लगातार बदल रहा है और नई कहानियों व नए चेहरों को जगह दे रहा है। विविधता, रचनात्मकता और ऐतिहासिक उपलब्धियों के साथ यह समारोह हॉलीवुड के लिए एक और यादगार अध्याय बन हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *