हैदराबाद: ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता और महिला स्वास्थ्य का संदेश देने के लिए रविवार को हैदराबाद में Pink Power Run 3.0 का आयोजन किया गया। HMDA ग्राउंड, प्रसाद IMAX के पास आयोजित इस रन में करीब 35 हजार लोगों ने हिस्सा लिया।
MEIL और सुधा रेड्डी फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में 21K हाफ मैराथन, 10K, 5K और 3K रेस कराई गईं।
बच्चों से बुजुर्गों तक ने लगाई दौड़
Pink Power Run 3.0 में अलग-अलग आयु वर्ग के लोगों ने हिस्सा लिया। 5 साल के बच्चों से लेकर 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों के साथ दिव्यांग और न्यूरोडायवर्जेंट प्रतिभागियों ने भी दौड़ लगाई।
21K हाफ मैराथन में अमेरिका, ब्रिटेन, यूएई, इथियोपिया, केन्या और कनाडा समेत 12 से अधिक देशों के एलीट रनर्स शामिल हुए।
कई चर्चित हस्तियां बनीं आयोजन का हिस्सा
कार्यक्रम में तेलंगाना मंत्री दानसारी अनसूया (सीतक्का), DGP सी.वी. आनंद, MEIL MD पी.वी. कृष्णा रेड्डी, सुधा रेड्डी और अमेरिकी महावाणिज्य दूत लॉरा विलियम्स मौजूद रहीं।
पूर्व मिस वर्ल्ड थाईलैंड ओपल सुचाता, बॉक्सर विजेंदर सिंह, अभिनेता सिद्दू जोन्नालगड्डा और संगीतकार थमन ने भी रन में हिस्सा लिया।
महाराष्ट्र के बीड की 47 वर्षीय रामाबाई रणवीर ने भी आयोजन में भाग लिया। वह बच्चों की शिक्षा के लिए नंगे पैर 5 किलोमीटर दौड़ने को लेकर पहले चर्चा में रह चुकी हैं।

जानें किसने जीती कौन सी रेस
21K हाफ मैराथन में सुनील कुमार ने पुरुष वर्ग और सोनम ने महिला वर्ग में जीत दर्ज की।
10K में हरीश शरीन और वंदना पटेल विजेता बने। 5K में लव चौधरी ने पुरुष वर्ग और अंजलि ने महिला वर्ग में पहला स्थान हासिल किया।
आयोजकों ने विजेताओं को कुल 75 लाख रुपये के नकद पुरस्कार के साथ मेडल और ट्रॉफी प्रदान की।
स्वास्थ्य जागरूकता पर रहा फोकस
सुधा रेड्डी ने कहा कि यह पहल लोगों को फिटनेस और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित करती है। पी.वी. कृष्णा रेड्डी ने नियमित व्यायाम को स्वस्थ जीवनशैली का अहम हिस्सा बताया।
मंत्री दानसारी अनसूया ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम लोगों के बीच स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में योगदान देते हैं।
ओपल सुचाता ने ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता के साथ अपने जुड़ाव का जिक्र किया। विजेंदर सिंह और सिद्दू जोन्नालगड्डा ने महिला स्वास्थ्य और सशक्तिकरण के उद्देश्य की सराहना की।
