डॉन 3 को लेकर सस्पेंस बरकरार है। रणवीर सिंह के बाहर होने के बाद शाहरुख खान की संभावित वापसी, एटली की एंट्री की शर्त और कास्टिंग में बड़े बदलावों ने बढ़ाई चर्चाएं।
बॉलीवुड की सबसे आइकॉनिक फ्रेंचाइज़ी ‘डॉन’ एक बार फिर सुर्खियों में है। फरहान अख्तर की बहुप्रतीक्षित फिल्म डॉन 3 को लेकर चर्चाएं तब और तेज़ हो गई, जब रणवीर सिंह के प्रोजेक्ट से बाहर होने की खबर सामने आई। अब सवाल यह है क्या एक बार फिर डॉन की कुर्सी पर शाहरुख खान लौट सकते हैं?
रणवीर सिंह के अचानक बाहर होने से फिल्म की दिशा पर बड़ा असर पड़ा है और इसी बीच शाहरुख खान की वापसी को लेकर नई अनुमान लगाए जा रहे हैं। हालांकि, अगर किंग खान वापसी करते हैं, तो वह कुछ शर्तों के साथ आ सकते हैं इसका अनुमान हैं।
शाहरुख की वापसी पर क्या है खास शर्त?
टेलीचक्कर की रिपोर्ट के अनुसार, शाहरुख खान डॉन 3 में अपने चर्चित किरदार को निभाने के लिए इच्छुक हैं, लेकिन वह चाहते हैं कि फिल्म को एक नया और बड़ा विज़न मिले। इसी वजह से उन्होंने फरहान अख्तर के साथ-साथ ‘जवान’ के निर्देशक एटली को भी इस प्रोजेक्ट से जोड़ने की बात रखी है।
कहा जा रहा है कि शाहरुख का मानना है कि एटली की मौजूदगी फिल्म के एक्शन, प्रेज़ेंटेशन और स्केल को इंटरनेशनल लेवल तक ले जा सकती है। फिलहाल इस पूरे मामले पर मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
रणवीर सिंह ने क्यों छोड़ा ‘डॉन 3’?
रणवीर सिंह के बाहर होने के पीछे कई कारण बताए जा रहे हैं। पिंकविला की रिपोर्ट के अनुसार, ‘धुरंधर’ की बड़ी सफलता के बाद रणवीर अब अपने करियर को अलग दिशा में ले जाना चाहते हैं। वह लगातार गैंगस्टर किरदार निभाने से बचना चाहते हैं और संजय लीला भंसाली, लोकेश कनगराज और एटली जैसे निर्देशकों के साथ काम करने पर फोकस कर रहे हैं।
इसके अलावा फीस से जुड़ी बातचीत और डेट्स का टकराव भी उनके एग्जिट की वजह माने जा रहे हैं। फिल्म के फ्लोर पर जाने से ठीक एक महीने पहले रणवीर ने प्रोजेक्ट छोड़ने का फैसला किया।
कास्टिंग में और बदलाव की संभावना
रणवीर के बाहर होने के बाद कियारा आडवाणी का नाम भी फिल्म से अलग होने की लिस्ट में जुड़ गया। शुरुआती दौर में उन्हें फीमेल लीड के तौर पर साइन किया गया था। अब खबरें हैं कि उनकी जगह कृति सेनन को अप्रोच किया जा सकता है, हालांकि इसकी भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
विलेन के किरदार को लेकर भी मेकर्स को झटका लगा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विक्रांत मैसी और विजय देवरकोंडा को रोल ऑफर किया गया था, लेकिन दोनों ने स्क्रिप्ट में दम न होने की वजह से मना कर दिया।
क्या बदलेगा डॉन 3 का पूरा प्लान?
शाहरुख खान इससे पहले डॉन 3 से इसलिए अलग हो गए थे क्योंकि स्क्रिप्ट को लेकर उनकी सहमति नहीं बन पाई थी। अब रणवीर सिंह के बाहर होने के बाद फरहान अख्तर स्क्रिप्ट को नए सिरे से तैयार करने पर विचार कर सकते हैं।
इसी बीच यह भी चर्चा है कि मेकर्स ने ऋतिक रोशन से भी शुरुआती बातचीत की है। हालांकि, यह बातचीत अभी शुरुआती स्तर पर है और किसी भी नाम पर मुहर लगना बाकी है।
फैंस की नजर अगली घोषणा पर
फिलहाल डॉन 3 कई सवालों के बीच फंसी हुई है। रणवीर सिंह के एग्जिट के बाद शाहरुख खान की वापसी ने फैंस की उम्मीदों को फिर जगा दिया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या फरहान अख्तर इस फ्रेंचाइज़ी को पुराने डॉन के साथ नई ऊंचाई तक ले जाते हैं या फिर कहानी किसी नए चेहरे के साथ आगे बढ़ती है।
यह भी पढ़े : ‘Happy Patel: खतरनाक जासूस’ रिव्यू: दमदार कास्ट के बावजूद फीकी पड़ी वीर दास की स्पाई-कॉमेडी
