जनहित सूचना में छात्रों और अभिभावकों से दाखिले से पहले पाठ्यक्रम की वैधानिक मान्यता और नियामकीय मंजूरी जांचने की अपील
नई दिल्ली: शैक्षणिक सत्र 2026–27 में सहायक एवं स्वास्थ्य सेवा से जुड़े पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने की तैयारी कर रहे छात्रों और अभिभावकों को नियामकीय मंजूरी और पेशेवर मान्यता की जांच करने की सलाह दी गई है। जारी जनहित सूचना में स्पष्ट किया गया है कि किसी डिग्री का शैक्षणिक रूप से वैध होना जरूरी नहीं कि उसे पेशेवर पंजीकरण या संबंधित क्षेत्र में काम करने की पात्रता भी प्रदान करे।
राष्ट्रीय सहायक एवं स्वास्थ्य सेवा व्यवसाय आयोग अधिनियम, 2021 और संबंधित परिपत्रों के संदर्भ में जारी सूचना में छात्रों को दाखिला लेने से पहले पाठ्यक्रम की अवधि, नियामकीय मंजूरी और पेशेवर मान्यता की पुष्टि करने को कहा गया है। यह सूचना सेंट मैरी पुनर्वास विश्वविद्यालय के संस्थापक एवं कुलाधिपति डॉ. रेव. के.वी.के. राव ने जारी की है।
जनहित सूचना में मुख्य रूप से तीन प्रकार के पाठ्यक्रमों को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। इनमें तीन वर्षीय सहायक एवं स्वास्थ्य सेवा डिग्री पाठ्यक्रम, आवश्यक नियामकीय मंजूरी के बिना संचालित चार वर्षीय पाठ्यक्रम और निजी विश्वविद्यालय के स्वीकृत शैक्षणिक दायरे से बाहर चलाए जा रहे पाठ्यक्रम शामिल हैं।
सूचना के अनुसार, राष्ट्रीय सहायक एवं स्वास्थ्य सेवा व्यवसाय आयोग ने अधिकांश सहायक एवं स्वास्थ्य सेवा व्यवसायों के लिए चार वर्षीय दक्षता-आधारित पाठ्यक्रम निर्धारित किए हैं। ऐसे में छात्रों को तीन वर्षीय पाठ्यक्रम में दाखिला लेने से पहले यह सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है कि संबंधित योग्यता वैधानिक पंजीकरण और पेशेवर कार्य के लिए मान्य है।
छात्रों को यह भी जांचने को कहा गया है कि संबंधित संस्थान ने पाठ्यक्रम शुरू करने से पहले राष्ट्रीय आयोग या संबंधित राज्य सहायक एवं स्वास्थ्य सेवा परिषद से आवश्यक मंजूरी प्राप्त की है या नहीं।
इसके अलावा, निजी विश्वविद्यालयों में संचालित पाठ्यक्रमों के लिए यह जांचना जरूरी बताया गया है कि वे विश्वविद्यालय के आशय पत्र, प्रथम अध्यादेश या बाद में प्राप्त वैध मंजूरी के अंतर्गत आते हैं या नहीं।
जनहित सूचना में छात्रों और अभिभावकों से अपील की गई है कि वे केवल संस्थान की प्रतिष्ठा या नाम के आधार पर दाखिला न लें। किसी भी प्रकार का शुल्क जमा करने से पहले पाठ्यक्रम की अवधि, नियामकीय मंजूरी और पेशेवर मान्यता से संबंधित लिखित प्रमाण प्राप्त करने की सलाह दी गई है।
